Search

कुरुक्षेत्र गोलीकांड: PGI में ठेकेदार सुनील की गर्दन से निकली गोली, पुलिस को पर्ची पर लिखकर दिए 3 नाम

Jun 03, 2026 9:46 AM

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में रविवार की रात माइनिंग कारोबारी सुनील भाटिया उर्फ बंटी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस अब एक्शन मोड में है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच सीआईए-2 (CIA-2) को सौंप दी गई है। उधर, पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे 36 वर्षीय ठेकेदार सुनील भाटिया के स्वास्थ्य में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन के बाद सुनील की गर्दन में फंसी गोली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हालांकि, गंभीर चोट के कारण वे अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं।

घायल कारोबारी ने पर्ची पर लिखे तीन नाम

अस्पताल में जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम के सामने घायल सुनील भाटिया भले ही बोल नहीं पाए, लेकिन उन्होंने होश में आते ही इशारों में कागज और पेन मांगा। सुनील ने एक पर्ची पर तीन संदिग्धों के नाम लिखकर पुलिस अधिकारियों के हाथ में सौंप दिए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक नाम ऐसा है, जिस पर ठेकेदार ने हमले की सबसे ज्यादा आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और तफ्तीश का हवाला देते हुए अभी तक इन नामों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। इन कड़ियों को जोड़कर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

हिमांशु भाऊ गैंग की पोस्ट से सनसनी, लव मैरिज का कनेक्शन

इस पूरे घटनाक्रम में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से एक पोस्ट वायरल होने लगी। इस कथित पोस्ट में दावा किया गया कि सुनील भाटिया ने करीब 13 साल पहले प्रेम विवाह किया था, जिससे गांव की बदनामी हुई थी। इसके अलावा पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि सुनील विरोधी गुट के लोगों के साथ मिलकर काम कर रहा था और समझाने के बाद भी नहीं माना। हालांकि, 'जग मार्ग' इस वायरल पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह पोस्ट वाकई किसी गैंग ने डाली है या फिर वारदात के बाद किसी ने पुलिस को भटकाने के लिए यह अफवाह फैलाई है।

मिट्टी डलवाने के बहाने आए थे शूटर, मुंशी ने बताई आंखों देखी

वारदात के वक्त मौके पर मौजूद सुनील के मुंशी हन्नी ने रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती बताई। हन्नी के मुताबिक, हमलावर पहले से ही घात लगाकर सुनील का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने साइट पर मिट्टी डलवाने का बहाना बनाकर सुनील को अपनी बातों के जाल में उलझाया। सुनील चूंकि उन्हें पहचानता नहीं था, इसलिए उसने उनका नाम पूछा और तसल्ली करने के लिए मोबाइल नंबर भी मांगा। जैसे ही सुनील बातचीत खत्म कर आगे बढ़ा, बदमाशों ने पीछे से आवाज दी। सुनील के मुड़ते ही शूटरों ने ताबड़तोड़ 4-5 राउंड फायरिंग कर दी। पहली गोली सुनील की जांघ में और दूसरी सीधे गर्दन में जा लगी, जिसके बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।

पुलिस का दावा- जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी

शाहाबाद थाना प्रभारी (SHO) जगदीश टामक ने बताया कि मामले की कमान अब सीआईए को दे दी गई है, लेकिन स्थानीय थाने की दो टीमें भी लगातार इस पर काम कर रही हैं। ठेकेदार सुनील भाटिया द्वारा पर्ची पर लिखकर दिए गए नामों के आधार पर संदिग्धों को राउंडअप करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने साफ किया कि पुलिस पुरानी रंजिश, व्यापारिक दुश्मनी और सोशल मीडिया पर आए गैंग वाले एंगल समेत तमाम बिंदुओं को ध्यान में रखकर हर संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही शूटरों को दबोच लिया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!