कुरुक्षेत्र में नेपाली महिला की खुदकुशी: ढाबे पर साथ काम करने वाले से हुआ था प्यार, प्रेमी के जाने से थी परेशान
May 24, 2026 12:14 PM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद इलाके में एक प्रवासी महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसके पीछे एकतरफा टूटे रिश्ते और अकेलेपन की दर्दनाक कहानी छिपी है। शरीफगढ़ गांव में किराए के कमरे में रहने वाली नेपाली मूल की शर्मिला का शव फंदे पर झूलता हुआ बरामद किया गया। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश और ढाबे के कर्मचारियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि साथ काम करने वाले एक युवक से दिल लगाने और फिर उसके अचानक छोड़ जाने के सदमे को शर्मिला बर्दाश्त नहीं कर पाई।
भट्टी ब्लास्ट में पति को खोया, बेटियों की परवरिश के लिए बनी सहारा
शर्मिला की जिंदगी पहले से ही संघर्षों के दौर से गुजर रही थी। करीब एक साल पहले यमुनानगर में एक भट्टी ब्लास्ट के दौरान उसके पति बीरू की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे ने शर्मिला के सिर से सुहाग का साया तो छीना ही, साथ ही घर की दो मासूम बेटियों और बूढ़ी मां की जिम्मेदारी भी उसके कंधों पर आ गई। इस तंगी और अकेलेपन से जूझते हुए वह करीब छह महीने पहले काम की तलाश में शरीफगढ़ आई थी। यहां एक स्थानीय ढाबे पर करीब 10 हजार रुपये महीने की नौकरी कर वह अपना गुजारा चला रही थी और बाकी पैसे नेपाल भेजती थी।
नजदीकियां बढ़ीं और फिर अचानक अकेला छोड़ गया प्रेमी
ढाबे पर काम करने के दौरान ही शर्मिला की मुलाकात वहां काम करने वाले एक अन्य युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह दोस्ती प्यार में बदल गई। मंडी और ढाबे के लोगों के बीच भी दोनों के अफेयर की चर्चाएं होने लगी थीं। लेकिन यह खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिकीं और वह युवक अचानक ढाबे का काम छोड़कर कहीं चला गया। इसके बाद से ही शर्मिला गुमसुम रहने लगी थी और मानसिक तनाव के दौर से गुजर रही थी।
अंदर से बंद था दरवाजा, पुलिस ने तोड़ा तो सामने आया खौफनाक मंजर
घटना वाले दिन जब सुबह काफी देर तक शर्मिला अपने कमरे से बाहर नहीं आई, तो ढाबा संचालक किशन कुमार को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद तुरंत डायल-112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का कुंडा तोड़ा तो अंदर शर्मिला का शव पंखे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था।
नेपाल से आज पहुंचेंगे भाई-भाभी, सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस
शाहाबाद थाना प्रभारी (SHO) जगदीश टामक ने बताया कि घटना स्थल की जांच के दौरान कमरे से एक कॉपी बरामद हुई है, जिसमें कुछ बातें लिखी हैं। पुलिस इसे सुसाइड नोट के नजरिए से देख रही है और इसकी लिखावट की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के भाई और भाभी को घटना की सूचना दे दी गई है, जो आज नेपाल से शाहाबाद पहुंचेंगे। परिजनों के बयान दर्ज होने और उनकी मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।