Search

कुरुक्षेत्र में सफाई कर्मचारी की आत्महत्या: साढ़े तीन लाख की ठगी और मकान हड़पने की साजिश ने ली जान

May 07, 2026 10:30 AM

कुरुक्षेत्र।  धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ थानेसर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी रमन ने कथित तौर पर अपनों और करीबियों के धोखे से आहत होकर खुदकुशी कर ली। रमन का शव डेरा संता सिंह स्थित उसके आवास पर फंदे से लटका मिला। घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट ने इस मौत के पीछे छिपे 'धोखे के खेल' की परतें खोल दी हैं। रमन अपनी पत्नी पुष्पा से कानूनी रूप से अलग होना चाहता था, जो पिछले चार साल से मायके में रह रही थी। आरोप है कि इसी मजबूरी का फायदा उठाकर बिचौलिए गुरमुख ने तलाक कराने के नाम पर रमन से साढ़े तीन लाख रुपये ऐंठ लिए।

सुसाइड नोट में दर्द: "तलाक भी नहीं करवाया और सारे पैसे खा गया गुरमुख"

रमन द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में स्पष्ट रूप से लिखा है कि उसकी मौत के जिम्मेदार गुरमुख और उसके ससुराल वाले हैं। नोट के अनुसार, "गुरमुख ने दोनों पक्षों की सहमति से तलाक कराने के लिए साढ़े तीन लाख रुपये लिए थे, लेकिन उसने धोखा किया।" रमन ने लिखा कि वह इस मानसिक दबाव और आर्थिक चोट को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि रमन ने नोट में अपनी लिव-इन पार्टनर सोनिया को बेकसूर बताया है, जबकि रमन के पिता सुल्तान सिंह और परिवार ने सोनिया सहित चार लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

मकान पर थी गिद्ध दृष्टि, 30 लाख में बेचने का बनाया दबाव

मामले में नया मोड़ तब आया जब रमन के मामा शिव कुमार ने चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोप है कि सोनिया और नगर परिषद के ही कुछ कर्मी रमन के उस मकान पर नजर गड़ाए बैठे थे, जो उसे उसके मामा ने बनवाकर दिया था। रमन पर करीब 30 लाख रुपये में मकान बेचने का भारी दबाव बनाया गया और कागजात भी तैयार करवा लिए गए थे। लेकिन जब खरीदार को दस्तावेजों में गड़बड़ी का अंदेशा हुआ, तो सौदा रद्द हो गया। मकान नहीं बिकने की खुन्नस में रमन को कार्यस्थल पर भी प्रताड़ित किया जाने लगा, जहाँ सफाई दरोगा द्वारा उसकी हाजिरी को लेकर परेशान करने की बात सामने आ रही है।

पुलिसिया कार्रवाई: हैंडराइटिंग और सुसाइड नोट की होगी बारीकी से जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सुभाष मंडी पुलिस चौकी ने कार्रवाई तेज कर दी है। चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर सोनिया, जयभगवान, गुरमुख और सफाई दरोगा गुरमीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सुसाइड नोट को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी ताकि हैंडराइटिंग का मिलान किया जा सके। इस मामले में पुलिस उन कड़ियों को जोड़ रही है कि आखिर किस तरह एक सरकारी कर्मचारी को खुदकुशी की दहलीज तक धकेला गया।

You may also like:

Please Login to comment in the post!