Search

Kurukshetra News: 'बाबा को खुश कर दो क्या फर्क पड़ता है'— कुरुक्षेत्र में कलयुगी मां ने तांत्रिक के लिए बेटी पर बनाया दबाव

May 30, 2026 10:16 AM

कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में एक तांत्रिक द्वारा परिवार की लाचारी का फायदा उठाकर मां को अपने वश में करने और फिर उसकी 24 साल की बेटी के साथ छेड़छाड़ करने की रूह कपाने वाली घटना सामने आई है। जीएनएम डिप्लोमा धारक पीड़ित युवती ने आरोप लगाया है कि शाहाबाद के रहने वाले तांत्रिक बाबा रावल ने पिछले दो साल से उसकी मां को पूरी तरह अपने चंगुल में फंसा रखा है। यह सिलसिला तब शुरू हुआ जब पीड़िता के पिता काफी बीमार चल रहे थे और पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा था। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर तांत्रिक ने घर में अपनी पैठ बना ली।

'बाबा को खुश कर दो, क्या फर्क पड़ता है'— मां के बदले बोल

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए हैं। युवती के मुताबिक, तंत्र-मंत्र और माता की चौकी के बहाने तांत्रिक ने उसकी मां का ब्रेनवॉश कर दिया था। हद तो तब हो गई जब मां खुद अपनी बेटी पर तांत्रिक से अकेले में मिलने का दबाव बनाने लगी। पीड़िता के अनुसार, उसकी मां अक्सर उससे कहती थी कि "बाबा को खुश कर दो, क्या फर्क पड़ता है।" इसी बीच मार्च 2026 में तांत्रिक ने उसकी मां को पिपली के पास बजीदपुर-बिहोली गांव में एक कमरा किराये पर दिलवा दिया और घर का सारा सामान भी वहीं शिफ्ट करवा दिया।

अस्पताल के बाहर सरेआम हाथ खींचा और की बदतमीजी

घटनाक्रम में नया मोड़ बीते 18 मई की रात को आया। पीड़िता अपने छोटे भाई के साथ अस्पताल में भर्ती पिता के लिए खाना और कपड़े लेकर गई थी। इसी दौरान उसने अपनी मां को तांत्रिक के साथ बाइक पर आते देखा। भाई ने जब इस बात का विरोध किया तो तांत्रिक गाली-गलौज पर उतर आया। आरोप है कि कुछ देर बाद तांत्रिक ने सरेआम युवती का हाथ पकड़कर उसे अपनी तरफ खींचा और उसके गाल व ब्रेस्ट को छूते हुए छेड़छाड़ की। युवती के चिल्लाने पर जब भाई दौड़कर आया, तो आरोपी तांत्रिक महिला को बाइक पर बैठाकर रफूचक्कर हो गया। तब से महिला का कोई सुराग नहीं है।

पिता की हिम्मत के बाद थाने पहुंची सहमी बेटी

अस्पताल में भर्ती बीमार पिता को जब इस घिनौनी हरकत का पता चला, तो उन्होंने बेटी को तुरंत पुलिस के पास जाने को कहा। पिता की नाजुक हालत को देखते हुए युवती ने कुछ दिन इंतजार किया और उनके ठीक होते ही थानेसर सिटी थाने में तहरीर दी। इस बीच पीड़िता इंसाफ के लिए ग्रीवांस कमेटी के चक्कर भी काट चुकी है।

दूसरी ओर, मामले में एक नया पेच भी फंस गया है। थाना सिटी थानेसर के एसएचओ नरेश कुमार ने बताया कि मामला बेहद पेचीदा है। युवती की मां ने भी गायब होने से ठीक एक दिन पहले यानी 19 मई को अपने ही पति, बेटे और बेटी के खिलाफ मारपीट और मोबाइल छीनने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों को रिकॉर्ड पर ले लिया गया है और मामले के हर पहलू की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!