Search

कुरुक्षेत्र थार मर्डर: कातिल को छिपाने वाला एजेंट सोमनाथ गिरफ्तार, 8 केसों में है वांटेड

Apr 07, 2026 4:11 PM

कुरुक्षेत्र।  धर्मनगरी के इस्माइलाबाद में करीब डेढ़ महीने पहले अमेरिका से वतन लौटे युवक साहिल की हत्या के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कड़ी जोड़ी है। कत्ल की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपांशु की मदद करने वाले 50 वर्षीय सोमनाथ को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। सोमनाथ पर आरोप है कि उसने न केवल कातिल को छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाना मुहैया कराया, बल्कि उसे भागने के लिए पैसे भी दिए। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सोमनाथ कोई साधारण व्यक्ति नहीं है, बल्कि उस पर पहले से ही धोखाधड़ी और कबूतरबाजी (इमिग्रेशन एक्ट) के तहत 8 संगीन मामले दर्ज हैं।

डीजे की रंजिश और हाईवे पर 'खूनी इंसाफ'

यह पूरी कहानी 29 मार्च की रात शुरू हुई, जब खेड़ी शीशगरां निवासी साहिल कुमार अपने साले के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। खुशियों के माहौल में खलल तब पड़ा जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर साहिल और इलाके के रसूखदार दीपांशु के बीच कहासुनी हो गई। उस वक्त तो मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दिया, लेकिन दीपांशु के सिर पर खून सवार था। वह शादी से निकला और अपनी काली थार (HR 31 W 2645) लेकर हाईवे पर घात लगाकर बैठ गया।

तीन बार साहिल को कुचला, जीजा ने बयां किया खौफनाक मंजर

साहिल के जीजा शैमिन पंजरथ ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रात करीब 12:40 बजे जब वे हाईवे पर खड़े थे, तभी दीपांशु ने अपनी थार से साहिल और उन्हें सीधी टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद दीपांशु ने गाड़ी रोकी, शीशा नीचे किया और मुस्कुराते हुए कहा, "अच्छा बच गया।" इसके बाद उसने गाड़ी बैक की और सड़क पर तड़प रहे साहिल के ऊपर तीन बार टायर चढ़ा दिए। साहिल, जो अमेरिका के एक स्टोर में मेहनत कर अपने परिवार का भविष्य संवार रहा था, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एजेंट सोमनाथ की गिरफ्तारी से खुलेंगे कई राज

इस्माइलाबाद थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर सोमनाथ को इस्माइलाबाद से गिरफ्तार किया है। वह मुख्य आरोपी का करीबी है और उसे कानून की गिरफ्त से बचाने की साजिश में शामिल था। सोमनाथ की गिरफ्तारी इस मामले में इसलिए भी अहम है क्योंकि वह खुद एक शातिर अपराधी है और उसके तार अंबाला व करनाल के इमिग्रेशन माफिया से जुड़े हैं।

मुख्य आरोपी अब भी रडार से बाहर

साहिल की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से की लहर है। लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक मामूली विवाद किसी को इतना क्रूर बना सकता है कि वह एक इंसान को सड़क पर बार-बार कुचल दे। हालांकि, पुलिस ने सोमनाथ को पकड़कर एक बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन मुख्य आरोपी दीपांशु अभी भी फरार है। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही मुख्य कातिल भी कानून के शिकंजे में होगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!