Search

कुरुक्षेत्र पुलिस का सर्च ऑपरेशन: वीडियो बनाकर गायब हुआ युवक, धोखाधड़ी का लगा था आरोप

May 01, 2026 12:50 PM

कुरुक्षेत्र। धर्मक्षेत्र में वीरवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब पिहोवा की पूजा कॉलोनी निवासी एक युवक ने खुदकुशी की चेतावनी देते हुए एक के बाद एक कई वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिए। पिहोवा अनाज मंडी में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करने वाला कुलदीप इन वीडियो को सार्वजनिक करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। ज्योतिसर के पास भाखड़ा नहर के किनारे उसकी मोटरसाइकिल तो बरामद हो गई है, लेकिन कुलदीप का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना के बाद से ही पुलिस और परिजन अनहोनी की आशंका के चलते नहर के आसपास खाक छान रहे हैं।

वीडियो में छलका दर्द, धोखेबाजों के लिए नाम

लापता कुलदीप के भाई संजीव कुमार ने बताया कि कुलदीप अनाज मंडी में ट्रांसपोर्ट कंपनी के साथ अपनी गाड़ियां चलाता था। वीरवार सुबह करीब 9:30 बजे उसने अपने दफ्तर और फिर रास्ते में कुल चार से पांच छोटी वीडियो रिकॉर्ड कीं। इन वीडियो में कुलदीप बेहद परेशान नजर आ रहा है। उसने साफ तौर पर एसएस रोडलाइंस और चीका निवासी राजेश समेत कुछ अन्य लोगों पर धोखाधड़ी और पैसे हड़पने के आरोप लगाए हैं। कुलदीप का आरोप है कि ये लोग उस पर मानसिक दबाव बना रहे थे, जिसके चलते वह यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुआ।

नहर किनारे मिली बाइक, गोताखोरों की मदद जारी

कुलदीप के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। ज्योतिसर चौकी इंचार्ज एएसआई कृष्ण कुमार की टीम ने मोबाइल लोकेशन और सूचनाओं के आधार पर जब भाखड़ा नहर की तरफ सर्च अभियान चलाया, तो वहां कुलदीप की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस का कहना है कि पहली वीडियो उसी जगह बनाई गई है जहाँ वह अक्सर बैठता था, जबकि आखिरी वीडियो नहर के पास शूट की गई है। देर रात तक गोताखोरों की मदद से पानी में तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

आज फिर शुरू होगा सर्च ऑपरेशन

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे पुलिस से जल्द से जल्द कुलदीप को ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस ने उन तमाम लोगों की लिस्ट तैयार कर ली है जिनका नाम कुलदीप ने अपने वीडियो में लिया है। एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक बार फिर से नहर में सर्च ऑपरेशन बड़े स्तर पर चलाया जाएगा। पुलिस अब यह जांच भी कर रही है कि क्या यह वाकई सुसाइड का मामला है या कुलदीप दबाव बनाने के लिए कहीं छिप गया है। फिलहाल, धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!