कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के IIHS में दाखिले शुरू, बिना प्रवेश परीक्षा के मेरिट से मिलेगा एडमिशन
May 28, 2026 3:11 PM
कुरुक्षेत्र। उच्च शिक्षा की राह देख रहे युवाओं के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयू) से अहम खबर है। विश्वविद्यालय के अग्रणी संस्थान 'इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज' (आईआईएचएस) ने नए एकेडमिक सेशन के लिए अपनी दाखिला प्रक्रिया का औपचारिक शंखनाद कर दिया है। कॉलेज कैंपस में इस बार पारंपरिक बीए, बीएससी, बीकॉम के साथ-साथ बीसीए, बीटीटीएम (टूरिज्म), रोबोटिक्स और मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी जैसे भविष्योन्मुखी कोर्सों की भरमार है। राहत की बात यह है कि कोरोना काल के बाद से अपनाए जा रहे पैटर्न को जारी रखते हुए इस बार भी किसी भी कोर्स के लिए कोई लिखित प्रवेश परीक्षा (एंट्रेंस टेस्ट) आयोजित नहीं होगी। कॉलेज में एंट्री केवल 12वीं के अंकों के आधार पर बनने वाली मेरिट लिस्ट से तय होगी।
21 जून तक खुला रहेगा पोर्टल, प्राचार्या ने दी अहम जानकारी
संस्थान की प्राचार्या प्रो. रीटा ने दाखिला प्रक्रिया के विस्तृत नियम साझा करते हुए बताया कि दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी 21 जून की रात 11:59 बजे तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल और आईआईएचएस की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। प्रो. रीटा के मुताबिक, संस्थान का फोकस इस बार छात्रों को रिसर्च और इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से तैयार करने पर है। इसी कड़ी में चलाए जा रहे पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम के तहत बायोटेक्नोलॉजी और ऑनर्स इकोनॉमिक्स में 20-20 सीटें रखी गई हैं, जहां छात्र एक ही दाखिले में पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे।
जानिए किस कोर्स में कितनी हैं सीटें
साइंस स्ट्रीम के छात्रों के लिए आईआईएचएस में इस बार सीटों का बड़ा पूल तैयार किया गया है। बीएससी फिजिकल साइंसेज (स्कीम-ए) में बंपर 280 सीटें उपलब्ध रहेंगी। वहीं, जो छात्र सिंगल सब्जेक्ट में विशेषज्ञता चाहते हैं, उनके लिए 'स्कीम-सी' के तहत फिजिक्स ऑनर्स में 40, कंप्यूटर साइंस ऑनर्स में 30, केमिस्ट्री ऑनर्स में 20 और मैथमेटिक्स ऑनर्स में 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। मेडिकल बैकग्राउंड वाले छात्रों के लिए बीएससी लाइफ साइंसेज (स्कीम-ए) में 120 सीटें हैं, जबकि बॉटनी, जूलॉजी व बायोकेमिस्ट्री ऑनर्स में 30-30 और केमिस्ट्री ऑनर्स में 20 सीटों पर एडमिशन होंगे।
आर्ट्स और ह्यूमेनिटीज में भी बेहतरीन विकल्प
केवल विज्ञान ही नहीं, बल्कि कला (आर्ट्स) के क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी यूनिवर्सिटी का यह विंग कई बड़े विकल्प दे रहा है। संस्थान में इंग्लिश, हिंदी, हिस्ट्री, संस्कृत, इकोनॉमिक्स, साइकोलॉजी और मैथमेटिक्स ऑनर्स जैसे प्रतिष्ठित पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया एक साथ चलेगी। दाखिला सेल से जुड़े शिक्षकों का कहना है कि अंतिम दिनों में सर्वर पर लोड बढ़ने की संभावना को देखते हुए छात्रों को समय रहते अपने दस्तावेज अपलोड कर आवेदन पूरा कर लेना चाहिए। 21 जून के बाद आवेदनों की स्क्रूटनी होगी, जिसके तुरंत बाद पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी।