कुरुक्षेत्र में वीज़ा फ्रॉड की भेंट चढ़ी एक मां: 20 लाख डूबे तो मलकीत कौर ने दे दी जान, 3 एजेंट नामजद
Mar 25, 2026 3:52 PM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के गांव अधोया में एक हंसता-खेलता किसान परिवार आज वीज़ा एजेंटों की बेरहमी की भेंट चढ़ गया। मृतका मलकीत कौर (44) अपने बेटे जश्नप्रीत को भी अपनी बेटी की तरह विदेश (ऑस्ट्रेलिया) में सेटल देखना चाहती थीं। इसी चाहत में उन्होंने अपनी जमा-पूंजी और मेहनत की कमाई के 20 लाख रुपये चंडीगढ़ के सेक्टर स्थित एक वीज़ा सेंटर के हवाले कर दिए। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस रास्ते पर वह अपने बेटे का भविष्य देख रही हैं, वही रास्ता उनके अंत का कारण बनेगा।
'न्यू बॉस इंटरनेशनल' का खेल: पहले आश्वासन, फिर टालमटोल और फिर धमकी
मृतका के पति बलविंद्र सिंह ने भर्रायी आवाज में बताया कि करीब 4 महीने पहले वे अपनी बेटी के कहने पर चंडीगढ़ स्थित 'न्यू बॉस इंटरनेशनल' वीज़ा सेंटर पहुँचे थे। वहां उनकी मुलाकात एजेंट काजोल, इशिता और अमन से हुई। एजेंटों ने ऑस्ट्रेलिया भेजने का सब्जबाग दिखाया और 25 लाख का सौदा तय हुआ। बलविंद्र ने 2 लाख ऑनलाइन और 18 लाख रुपये नकद यानी कुल 20 लाख एडवांस थमा दिए। लेकिन पैसे हाथ में आते ही एजेंटों के सुर बदल गए। एक महीने का वादा तीन महीनों के अंतहीन इंतजार में बदल गया।
21 मार्च की वह काली रात: जब उम्मीद ने दम तोड़ दिया
परिजनों का आरोप है कि जब मलकीत कौर ने बार-बार हो रही देरी से परेशान होकर अपने मूल दस्तावेज और पैसे वापस मांगे, तो एजेंट अपनी असलियत पर उतर आए। 21 मार्च को जब दोबारा संपर्क किया गया, तो पैसे लौटाने के बजाय एजेंटों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली। इस बेइज्जती और आर्थिक बर्बादी के सदमे को मलकीत कौर बर्दाश्त नहीं कर सकीं। अगले ही दिन यानी 22 मार्च को उन्होंने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया।
पिहोवा पुलिस का एक्शन: तीन एजेंटों पर शिकंजा
मलकीत कौर की हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले पिहोवा और फिर हायर सेंटर ले जाया गया, जहाँ 24 मार्च को उनकी सांसें थम गईं। पिहोवा थाना के एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के पति के बयानों पर तीनों एजेंटों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम चंडीगढ़ जाकर वीज़ा सेंटर के रिकॉर्ड और इन एजेंटों की भूमिका की जांच करेगी। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में मलकीत कौर का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।