Search

कुरुक्षेत्र सुसाइड मिस्ट्री: पति की मौत के 3 दिन बाद पत्नी ने भी लगाई फांसी, लव मैरिज का खौफनाक अंत

Apr 22, 2026 10:34 AM

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के सेक्टर-13 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक पीजी के कमरे में 21 साल की युवती का शव पंखे से लटका मिला। यह महज एक सुसाइड नहीं, बल्कि प्रेम, अलगाव और फिर पछतावे की एक ऐसी दास्तां है जिसका अंत बेहद खौफनाक रहा। मृतका मानसी उर्फ देवी ने यह कदम अपने पति विक्रम की मौत के ठीक तीन दिन बाद उठाया। मंगलवार सुबह जब मानसी के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो पीजी संचालक ने खिड़की से झांका। अंदर का मंजर देखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई—मानसी मौत को गले लगा चुकी थी।

तीन साल पहले हुई थी लव मैरिज, पर एक महीने से चल रही थी कलह

पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। मूल रूप से जींद की रहने वाली मानसी और तरावड़ी (करनाल) के विक्रम ने तीन साल पहले समाज की परवाह न करते हुए प्रेम विवाह किया था। शुरुआती दिन अच्छे बीते, लेकिन धीरे-धीरे रिश्तों में कड़वाहट आ गई। विवाद इतना बढ़ा कि करीब एक महीना पहले मानसी पति को छोड़ कुरुक्षेत्र आ गई और यहां नौकरी की तलाश कर रही थी। वहीं, पत्नी के जाने से आहत विक्रम करनाल के गांव चौपड़ी में अपने ननिहाल के पास एक किराए के कमरे में रहने लगा था।

विक्रम की मौत और मानसी पर लगे संगीन आरोप

अभी तीन दिन पहले ही विक्रम ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। विक्रम का शव उस वक्त मिला जब कमरे से बदबू आने लगी और पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। इस घटना के बाद विक्रम के परिजनों ने मानसी पर गंभीर आरोप लगाए। आरोप था कि मानसी घर से पैसे लेकर निकली थी। इसी सिलसिले में करनाल पुलिस ने मानसी को पूछताछ के लिए मंगलवार को बुलाया था। संभवतः पति की मौत का गम और ससुराल पक्ष द्वारा लगाए गए 'चोरी' के आरोपों ने मानसी को मानसिक रूप से इस कदर तोड़ दिया कि उसने भी वही रास्ता चुन लिया जो विक्रम ने चुना था।

आखिरी मैसेज: "अब सहा नहीं जा रहा..."

सुसाइड करने से ठीक पहले मानसी ने अपने भाई को एक मैसेज भेजा, जो अब पुलिस के लिए सबसे अहम सबूत है। इस मैसेज में उसने अपनी बेगुनाही और दर्द दोनों बयां किया। उसने लिखा, "अब सहा नहीं जा रहा, मैंने विक्रम के कोई पैसे नहीं लिए।" फिलहाल, कुरुक्षेत्र पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला पूरी तरह से पारिवारिक विवाद और अत्यधिक मानसिक तनाव का लग रहा है। करनाल और कुरुक्षेत्र पुलिस मिलकर इस मामले की कड़ियां जोड़ रही हैं ताकि यह साफ हो सके कि क्या मानसी को इस आत्मघाती कदम के लिए उकसाया गया था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!