Search

लाडवा में जनकल्याण शिविर का बड़ा एक्शन, सुमन सैनी ने मौके पर ही सुलझाईं पीपीपी और आधार की दिक्कतें

Jun 17, 2026 4:13 PM

लाडवा (कैलाश गोयल)। "सरकार का एकमात्र संकल्प यह सुनिश्चित करना है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं को बिना किसी बाधा के सरकारी योजनाओं का हक मिले। आज केंद्र और राज्य सरकार की नियत और नीति दोनों पूरी तरह साफ हैं, यही वजह है कि विकास का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंच रहा है।" यह बात हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने आज शिवाला रामकुंडी, लाडवा में आयोजित एक विशाल जनकल्याण शिविर के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कही।

मुख्य अतिथि सुमन सैनी ने पारंपरिक रूप से रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर इस शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने मेले के स्वरूप में सजे विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉलों और प्रदर्शनियों का विस्तृत अवलोकन किया। एक सजग जनप्रतिनिधि की भूमिका में उन्होंने हर एक स्टॉल पर जाकर न केवल योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी, बल्कि वहां मौजूद अधिकारियों से लाडवा विधानसभा क्षेत्र में अब तक दिए गए लाभों का पूरा डेटा भी तलब किया।

दफ्तरों के चक्करों से मिली मुक्ति; एक ही छत के नीचे हुआ समस्याओं का निपटारा

शिविर के दौरान लाडवा और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और प्रशासनिक काम लेकर पहुंचे थे। सबसे ज्यादा भीड़ परिवार पहचान पत्र (PPP), आधार कार्ड और स्थानीय जनसुविधाओं से जुड़े स्टॉलों पर देखी गई। जनता के बीच पहुंचकर सुमन सैनी ने लोगों की दिक्कतों को खुद सुना और मौके पर मौजूद एसडीएम अनुभव मेहता सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उपाध्यक्षा ने कहा कि एक दौर वह था जब अदने से काम के लिए भी आम जनता को सरकारी दफ्तरों की चौखट पर चप्पलें घिसनी पड़ती थीं। लेकिन पिछले 12 वर्षों में शासन और गवर्नेंस के पूरे सिस्टम में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी बदलाव किए गए हैं। डिजिटलाइजेशन और इस तरह के शिविरों के माध्यम से अब आमजन का जीवन बेहद सरल और सुगम हो गया है। इसी कड़ी में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा लगाई गई '12 साल विश्वास के, विकास के' विशेष विकासात्मक प्रदर्शनी का भी उन्होंने अवलोकन किया।

अंत्योदय का संकल्प: हर पात्र व्यक्ति का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश

शिविर की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ही छत के नीचे आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जन धन योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की न केवल विस्तृत जानकारियां दी गईं, बल्कि अपात्रताओं को दुरुस्त कर नए लाभार्थियों के तत्काल पंजीकरण भी किए गए।

सुमन सैनी ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में हिदायत दी कि शिविर का मकसद केवल कागजी खानापूर्ति नहीं होना चाहिए। शिविर में आने वाले हर एक नागरिक को योजनाओं की पूरी समझ दी जाए और यदि वह पात्र है तो उसका फॉर्म तुरंत सबमिट होना चाहिए। इस मौके पर प्रशासनिक अमले के साथ-साथ इलाके के कई गणमान्य चेहरे मौजूद रहे, जिनमें एसडीएम अनुभव मेहता, मीडिया को-ऑर्डिनेटर तुषार सैनी, चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, चेयरमैन जसविंद्र जस्सी, चेयरपर्सन साक्षी खुराना और मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के सचिव व बीडीपीओ शामिल रहे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!