Search

अंबाला में धमाके की साजिश नाकाम: स्कोडा कार में मिला चाइनीज हैंड ग्रेनेड, सरपंच से मांगी रंगदारी

May 14, 2026 10:36 AM

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र और अंबाला में आतंक का जाल बुन रहे लखबीर सिंह लांडा गैंग के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है। शाहाबाद से दबोचे गए गैंगस्टर सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा ने पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, उससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। नोनी राणा के निशाने पर जनसुई गांव के सरपंच सुरेंद्र सिंह 'काला' और उनका पेट्रोल पंप था। दरअसल, विदेश में बैठे गैंगस्टर्स ने सरपंच से भारी-भरकम फिरौती की मांग की थी और मांग पूरी न होने पर उनके घर और कारोबार को बम से उड़ाने की सुपारी नोनी राणा को दी गई थी।

चाइनीज ग्रेनेड और स्कोडा कार: दहशत फैलाने का था पूरा ब्लूप्रिंट

STF अंबाला यूनिट और पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने जब संयुक्त रेड की, तो नोनी राणा के पास से न केवल अवैध हथियार मिले, बल्कि उसकी स्कोडा कार के भीतर से एक जिंदा चाइनीज हैंड ग्रेनेड भी बरामद हुआ। आरोपी अपने आकाओं के अंतिम सिग्नल का इंतजार कर रहा था ताकि अंबाला में धमाका कर दहशत का माहौल पैदा किया जा सके। जांच में सामने आया है कि नोनी राणा के पास कुल दो ग्रेनेड पहुंचे थे, जिनमें से एक उसका साथी पहले ही लेकर फरार हो चुका है। अब पुलिस की टीमें उस दूसरे 'जिंदा बम' और नोनी के साथी की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

विदेश से जुडे़ हैं तार: सागर और प्रगट दे रहे थे निर्देश

इस पूरे नेटवर्क के तार सात समंदर पार से जुड़े हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंबाला का सागर सैनी और कुरुक्षेत्र का प्रगट सिंह फिलहाल विदेश में बैठकर अपनी गैंग चला रहे हैं। ये दोनों कुख्यात लखबीर सिंह लांडा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और तंगौर गांव का रहने वाला सूर्यप्रताप इन्हीं के संपर्क में था। सरपंच सुरेंद्र सिंह को डराने के लिए फायरिंग और ब्लास्ट की पूरी प्लानिंग इन्हीं दोनों ने तैयार की थी।

STF की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

11 मई की रात शाहाबाद-नलवी रोड फ्लाईओवर के पास जब एसटीएफ ने घेराबंदी की, तो नोनी राणा को भागने का मौका नहीं मिला। रिमांड के दौरान सख्ती से हुई पूछताछ में उसने स्वीकारा कि धमाके के लिए विस्फोटक उसने शाहाबाद-लाडवा रोड पर अपनी मोटर यार्ड में खड़ी कार में छिपाकर रखा है। एसआई दलजीत सिंह ने बताया कि यह ग्रेनेड मेड-इन-चाइना है, जिसकी सप्लाई चेन खंगाली जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद गैंग के कई और स्थानीय गुर्गों के नाम सामने आने की उम्मीद है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!