Search

चार छात्रों की मौत का मामला: एनआईटी कुरुक्षेत्र में गिरी गाज, जॉइंट रजिस्ट्रार पर बड़ी कार्रवाई

Apr 26, 2026 10:28 AM

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में पिछले कुछ समय से चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। संस्थान में एक के बाद एक चार छात्रों द्वारा की गई आत्महत्या के मामलों ने न केवल कुरुक्षेत्र बल्कि दिल्ली तक की सत्ता को हिला दिया था। इसी कड़ी में आज बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए जॉइंट रजिस्ट्रार ज्ञान रंजन सामंत्रे को निलंबित कर दिया गया है।

दिल्ली की टीम के लौटते ही एक्शन

हैरानी की बात यह है कि संस्थान में यह उथल-पुथल ठीक उस वक्त हुई है, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक विशेष टीम ने यहां का दौरा कर बारीकी से जांच-पड़ताल की थी। मंत्रालय की टीम ने छात्रों, स्टाफ और अधिकारियों से लंबी पूछताछ की थी। टीम के वापस लौटते ही जॉइंट रजिस्ट्रार पर गिरी इस गाज को मंत्रालय की सख्त रिपोर्ट से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, संस्थान के आधिकारिक गलियारों में सस्पेंशन की सटीक वजहों को लेकर फिलहाल चुप्पी साधी गई है।

एनआईटी में शीर्ष स्तर पर बदलाव

छात्रों की मौत के बाद उपजे जनाक्रोश और मंत्रालय के कड़े रुख के बाद संस्थान के ढांचे में बड़ा फेरबदल हुआ है। एनआईटी प्रशासन की कमान अब प्रो. ब्रह्मजीत सिंह के हाथों में सौंपी गई है, जिन्हें कार्यकारी डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रशासनिक कार्यों में गति लाने और पारदर्शिता के लिए प्रो. विनोद मित्तल को नया रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

छात्रों की मौत और प्रशासन पर सवाल

बता दें कि एक ही संस्थान में चार होनहार छात्रों की मौत ने एनआईटी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। छात्रों और अभिभावकों का आरोप था कि संस्थान में मानसिक दबाव और प्रशासनिक लापरवाही के कारण ऐसे हालात बने। अब जॉइंट रजिस्ट्रार के निलंबन को इसी कड़ी में 'क्लीन स्वीप' की शुरुआत माना जा रहा है। फिलहाल, संस्थान के भीतर और बाहर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़े चेहरों पर कार्रवाई हो सकती है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!