Search

कुरुक्षेत्र से पानीपत तक हड़कंप: कराटे एसोसिएशन के खिलाफ झूठी शिकायत का दबाव, मना करने पर गैंगरेप

May 17, 2026 10:40 AM

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के खेल जगत और कानून व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। कुरुक्षेत्र की एक प्रतिष्ठित कराटे एसोसिएशन को आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में बर्बाद करने के लिए एक 17 वर्षीय नाबालिग महिला खिलाड़ी की जिंदगी को दांव पर लगा दिया गया। आरोप है कि पानीपत में इस होनहार खिलाड़ी को कई दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया गया और फिर एसोसिएशन के अधिकारियों को फंसाने के लिए उस पर झूठे आरोप लगाने का दबाव डाला गया। कुरुक्षेत्र महिला थाने में जीरो एफआईआर (Zero FIR) कटने के बाद, वारदात की जगह पानीपत होने के कारण केस डायरी वहां ट्रांसफर की गई है, जिसके बाद पानीपत पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया है।

कोल्डड्रिंक में मिलाया नशा, तीन दिनों तक कमरे में घुटती रही पीड़िता की सांसें

नाबालिग पीड़िता की महिला स्पोर्ट्स कोच द्वारा दी गई पुलिस शिकायत के मुताबिक, यह खिलाड़ी पिछले करीब 6 साल से उनके मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीख रही है। वारदात की शुरुआत 8 मई 2026 को हुई, जब मुख्य आरोपी परमजीत विरक ने एक अनजान नंबर से पीड़िता को फोन घुमाया और कुछ काम के बहाने पानीपत की ज्योति कॉलोनी स्थित अपने मकान पर बुला लिया। खिलाड़ी जैसे ही वहां पहुंची, परमजीत ने उसे पीने के लिए कोल्डड्रिंक दी, जिसमें कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। कोल्डड्रिंक पीते ही पीड़िता बेसुध हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ दरिंदगी की। आरोप है कि परमजीत ने पीड़िता को 11 मई तक अपने घर के एक कमरे में कैद रखा और लगातार उसके साथ गलत काम करता रहा। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां नरवेश नामक एक महिला भी मौजूद थी, जो इस जुर्म में बराबर की भागीदार बनी रही।

दिल्ली से जुड़ा साजिश का सिंडिकेट, एसोसिएशन को बदनाम करने का 'ब्लूप्रिंट'

इस खौफनाक कहानी में 11 मई की सुबह एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ आया, जब इस साजिश के बाकी किरदार रजनीश चौधरी और कमल सैनी भी पानीपत के उसी मकान पर पहुंच गए। रजनीश ने तुरंत अपने मोबाइल से दिल्ली में बैठे इस पूरे खेल के कथित मास्टरमाइंड भारत शर्मा को वीडियो कॉल मिलाई। भारत शर्मा ने वीडियो कॉल पर नाबालिग खिलाड़ी को पहले तो पैसों का भारी-भरकम लालच दिया और सरकारी नौकरी लगवाने का सब्जबाग दिखाया। इसके बाद उसने अपनी असली चाल चली। आरोपियों ने पीड़िता पर दबाव बनाया कि वह कुरुक्षेत्र के सेक्टर-3 में संचालित 'कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया' (KAI) के बड़े अधिकारियों के खिलाफ छेड़छाड़ और शोषण की झूठी शिकायत दे। उनका मकसद था कि इस बहाने मीडिया में भारी बदनामी होगी और एसोसिएशन पर ताला लटक जाएगा। जब पीड़िता ने मना किया, तो कमल सैनी और रजनीश चौधरी ने भी उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

चंगुल से भागने का बनाया बहाना, कोच को सुनाई पूरी आपबीती

चारों तरफ से दरिंदों और साजिशकर्ताओं से घिरी नाबालिग खिलाड़ी ने हिम्मत नहीं हारी। उसने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपियों की शर्तों को मानने और उनके कहे अनुसार बयान देने का नाटक किया। जैसे ही आरोपियों की पकड़ थोड़ी ढीली हुई और उनका भरोसा जीता, वह मौका पाकर उनके चंगुल से भाग निकली। पानीपत से सीधे कुरुक्षेत्र पहुंची पीड़िता ने रोते हुए अपनी महिला कोच के सामने पूरी कहानी बयां की। कोच ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिना एक पल गंवाए कुरुक्षेत्र महिला थाना पुलिस से संपर्क साधा। मामला पानीपत क्षेत्र का होने के चलते कुरुक्षेत्र पुलिस ने फौरन जीरो एफआईआर दर्ज की और फिर केस पानीपत पुलिस को सौंप दिया गया, जो अब इस हाई-प्रोफाइल मामले के सभी पहलुओं और आरोपियों के आपसी कनेक्शन को खंगाल रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!