Search

गुरुद्वारा रोड नवदीप मार्किट के बाहर सीवरेज-नाले जाम, दुकानदार बेहाल, प्रशासन मौन

Jun 10, 2026 4:54 PM

पिहोवा (अभिषेक पूर्णिमा): सरकारें बदलती हैं, बजट आते हैं और मानसून से पहले नालों की गाद निकालने के नाम पर कागजी योजनाएं भी बनती हैं, लेकिन धरातल की तस्वीरें नहीं बदलतीं। इसका ताजा उदाहरण पिहोवा के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार गुरुद्वारा रोड स्थित नवदीप मार्केट के बाहर देखने को मिल रहा है। यहां पिछले लंबे समय से सीवरेज लाइन और नालों के चोक होने के कारण गंदा और बदबूदार पानी सड़क पर तैर रहा है। आलम यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले लोग प्रशासन को कोसते हुए निकलने को मजबूर हैं, जबकि स्थानीय दुकानदार नपा के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं।

दुकानदारी पर पड़ा ताला, ग्राहक आने को तैयार नहीं

नवदीप मार्केट के प्रभावित दुकानदारों का सब्र अब जवाब देने लगा है। बाजार के बीचों-बीच जमा इस गंदे पानी ने आढ़तियों और व्यापारियों का व्यापार पूरी तरह चौपट कर दिया है।

ग्राउंड जीरो पर अपनी व्यथा सुनाते हुए स्थानीय दुकानदारों ने बताया: "दुकान के ठीक आगे घुटनों तक बदबूदार पानी जमा है। इस गंद के कारण कोई भी ग्राहक दुकान के अंदर कदम रखने को तैयार नहीं होता। दिनभर मक्खियां और मच्छर भिनभिनाते रहते हैं, जिससे महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। रही-सही कसर यहां से गुजरने वाले तेज रफ्तार दोपहिया वाहन पूरी कर देते हैं, जिनकी वजह से गंदे पानी के छींटे सीधे हमारी दुकानों के काउंटर और राहगीरों के कपड़ों पर पड़ते हैं। कई बार शिकायत की गई, लेकिन सिवाय खोखले आश्वासनों के कुछ हाथ नहीं लगा।"

मानसून से पहले के दावों की खुली पोल

विचित्र बात यह है कि इन दिनों नगर पालिका पिहोवा की ओर से शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने के बड़े-बड़े ढोल पीटे जा रहे हैं, ताकि बरसात में जलभराव न हो। लेकिन शहर के दिल कहे जाने वाले गुरुद्वारा रोड की यह दुर्दशा नपा के इन तमाम दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब प्री-मानसून के दौर में ही मुख्य सड़कों का यह हाल है, तो भारी बारिश के दौरान शहर का क्या होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

क्या कहते हैं नगर पालिका चेयरमैन?

जब इस गंभीर समस्या को लेकर पिहोवा नगर पालिका के चेयरमैन आशीष चक्रपाणि से सीधा सवाल किया गया, तो उन्होंने तकनीकी दिक्कतों का हवाला दिया।

चेयरमैन ने बताया: "मामला हमारे संज्ञान में है और पालिका की तकनीकी टीम कई बार मौके का मुआयना भी कर चुकी है। जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य सीवरेज लाइन ब्लॉक नहीं है। असल समस्या नालों की आंतरिक गंदगी या भूमिगत पेयजल पाइपलाइन में किसी बड़े लीकेज की वजह से लग रही है, जिसके कारण पानी रिसकर सड़क पर आ रहा है। मैंने अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। जल्द ही एक व्यापक प्लान बनाकर इस लीकेज को ठीक किया जाएगा और नालों की सफाई करवाकर दुकानदारों को इस समस्या से हमेशा के लिए निजात दिलाई जाएगी।"

अब देखना यह होगा कि चेयरमैन के इस आश्वासन के बाद प्रशासनिक अमला कब हरकत में आता है या फिर नवदीप मार्केट के दुकानदारों को इस सीजन में भी इसी नरकीय स्थिति के बीच व्यापार करने पर मजबूर होना पड़ेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!