Search

सिंधी स्वीट हाउस की ऊपरी मंजिल में लगी आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख

Jun 19, 2026 1:19 PM

पिपली। कुरुक्षेत्र के पिपली मुख्य मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध सिंधी स्वीट हाउस में वीरवार दोपहर बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुकान की ऊपरी मंजिल से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते धुएं का ऐसा गुबार उठा कि पूरे आसमान में अंधेरा छा गया। जीटी रोड से गुजर रहे राहगीर और आसपास के दुकानदार भी इस भयानक मंजर को देखकर सहम गए। गनीमत यह रही कि समय रहते दुकान के भीतर मौजूद स्टाफ को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया।

कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर बाद अचानक स्वीट हाउस की दूसरी मंजिल से धुआं निकलता दिखाई दिया था। जब तक दुकान में काम कर रहे कर्मचारी कुछ समझ पाते या आग बुझाने की कोशिश करते, तब तक लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। ऊपरी मंजिल पर हलवाई का सामान और पैकेजिंग मैटेरियल होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आनन-फानन में स्वीट हाउस के मालिक ने इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।

जिला फायर ऑफिसर ने खुद संभाला मोर्चा, मौके पर पहुंचे पूर्व मंत्री

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद जिला फायर ऑफिसर संदीप ग्रेवाल अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और राहत कार्य की कमान संभाली। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी के चलते आग को नीचे की मंजिलों और आसपास की दुकानों में फैलने से रोक लिया गया। इस बीच डायल 112 और थाना सदर पुलिस भी कानून व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रही। हादसे की भनक लगते ही पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित दुकानदार को ढांढस बंधाया।

सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

इस अग्निकांड में स्वीट हाउस की दूसरी मंजिल पर रखा लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो गया है। बाजार में चर्चा है कि यह हादसा गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है, लेकिन दमकल विभाग और पुलिस अभी शॉर्ट सर्किट समेत तमाम अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जिला फायर ऑफिसर संदीप ग्रेवाल के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और कूलिंग का काम पूरा होने के बाद ही नुकसान के सही आकलन और आग के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!