मां को भाई के घर छोड़ने जा रहा था 22 वर्षीय यूसुफ, ट्रक के नीचे आने से दर्दनाक मौत
May 29, 2026 12:20 PM
शाहाबाद। शाहाबाद में ईद की खुशियां उस समय चीख-पुकार और मातम में बदल गईं, जब अपनी मां को बस अड्डे छोड़ने जा रहा 22 वर्षीय होनहार छात्र यूसुफ एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक ब्रेक लगाने वाले एक ट्रक से यूसुफ की बाइक टकरा गई। इस हादसे में यूसुफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
लहूलुहान मां की चीखें सुन पसीज गया राहगीरों का दिल
चश्मदीद प्रदीप करावा और संजीव अग्रवाल ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि साबरी और शाहबीर छिटककर सड़क के दूसरी तरफ जा गिरे, जबकि यूसुफ मोटरसाइकिल समेत ट्रक के नीचे फंस गया और कई मीटर तक घिसटता चला गया। इस खौफनाक हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़ी मां साबरी खुद की असहनीय पीड़ा को भूलकर, लहूलुहान हालत में राहगीरों के सामने हाथ जोड़कर अपने कलेजे के टुकड़े को बचाने की गुहार लगाती रही। इस मार्मिक और रूह कंपा देने वाले दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और कड़ी मशक्कत के बाद यूसुफ को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी ट्रक चालक गाड़ी सहित मौके से रफूचक्कर हो गया।
आईसीयू में भर्ती मां को नहीं पता कि अब दुनिया में नहीं रहा इकलौता यूसुफ
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और तीनों को शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने यूसुफ को मृत घोषित कर दिया। वहीं साबरी और शाहबीर की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए हैं, जहां साबरी की हालत अभी भी क्रिटिकल बनी हुई है। पूरे मामले में सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अस्पताल के बेड पर मौत से लड़ रही मां को अब तक यह नहीं बताया गया है कि जिस बेटे को बचाने के लिए वह सड़क पर तड़प रही थी, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा।
पूरे लंडा गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
यूसुफ की मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव लंडा पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों ने नम आंखों से बताया कि यूसुफ बेहद होनहार और मिलनसार स्वभाव का लड़का था। उसने पिछले साल ही नॉन-मेडिकल स्ट्रीम से 12वीं की परीक्षा पास की थी और इन दिनों अंबाला के एक आईटीआई संस्थान से अपना कोर्स पूरा कर रहा था। परिवार में ईद को लेकर जो तैयारियां चल रही थीं, वे अब आंसुओं में बह गई हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची शाहाबाद थाना पुलिस ने यूसुफ के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनास्थल के पास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और ट्रक के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।