Search

सावधान! शाहाबाद में मोबाइल हैक कर सवा लाख की ठगी, एक APK फाइल ने खाली किए दो बैंक खाते

Apr 08, 2026 3:08 PM

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में साइबर ठगों ने चोरी का एक ऐसा तरीका अपनाया है जिसे जानकर आप भी अपने स्मार्टफोन को छूने से पहले सौ बार सोचेंगे। यहां एक निजी कंपनी में काम करने वाले सुमन कुमार के बैंक खातों पर डिजिटल डाका डाला गया है। ठगी की यह वारदात किसी ओटीपी (OTP) या कॉल के जरिए नहीं, बल्कि एक साइलेंट किलर यानी 'APK' फाइल के जरिए अंजाम दी गई। शाहाबाद के सेक्टर-1 निवासी पीड़ित को तब तक भनक भी नहीं लगी जब तक कि उसके मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के धड़ाधड़ मैसेज नहीं आने लगे।

सुबह आई फाइल और दोपहर तक 'साफ' हो गए खाते

पीड़ित सुमन कुमार के अनुसार, सारा घटनाक्रम उस समय शुरू हुआ जब सुबह करीब 7:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात फाइल आई। यह कोई सामान्य फोटो या वीडियो फाइल नहीं थी, बल्कि एक 'APK' (Android Package Kit) फाइल थी, जो मोबाइल में आते ही खुद-ब-खुद इंस्टॉल हो गई। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद उनका फोन उनके नियंत्रण से बाहर हो गया और संभवतः हैकर्स ने रिमोट एक्सेस हासिल कर लिया। दोपहर होते-होते ठगों ने गूगल पे के जरिए तीन बड़ी ट्रांजैक्शन कीं। सुमन के पीएनबी (PNB) खाते से 99 हजार रुपये और कैपिटल स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते से 26 हजार रुपये निकाल लिए गए।

बचाव की कोशिश: फोन करना पड़ा रीसेट, साइबर सेल में शिकायत

जैसे ही पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, उन्होंने अपने बेटे को इसकी जानकारी दी। बेटे ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध फाइल को डिलीट किया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे फोन को 'फैक्ट्री रीसेट' कर दिया ताकि हैकर्स का एक्सेस पूरी तरह खत्म हो सके। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और सवा लाख रुपये की चपत लग चुकी थी। सुमन कुमार ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। कुरुक्षेत्र साइबर थाना पुलिस ने अब इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

विशेषज्ञों की सलाह: अज्ञात लिंक और फाइलों से रहें सावधान

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि आजकल ठग व्हाट्सएप या एसएमएस के जरिए ऐसी फाइलें भेजते हैं जो फोन के सुरक्षा तंत्र (Firewall) को तोड़ देती हैं। ये फाइलें फोन में मौजूद बैंकिंग ऐप्स और पासवर्ड्स का डेटा चोरी कर लेती हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि:

किसी भी अनजान नंबर से आई 'APK' फाइल को कभी न खोलें।

अपने फोन की सेटिंग्स में 'Install from Unknown Sources' को हमेशा डिसेबल (OFF) रखें। अगर मोबाइल अचानक अजीब व्यवहार करने लगे या बिना वजह गर्म होने लगे, तो तुरंत इंटरनेट बंद कर फोन को चेक करवाएं ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर सूचना दें ताकि समय रहते ट्रांजैक्शन को फ्रीज कराया जा सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!