Ludhiana News: अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, कई राज्यों में आपराधिक वारदातों के 4 आरोपी गिरफ्तार
Apr 11, 2026 4:13 PM
लुधियाना: पंजाब पुलिस ने खन्ना में अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इन आरोपियों को 9 अप्रैल को खन्ना से गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और एक सोने की चेन बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
समराला केस से खुला मामला
डीएसपी तरलोचन सिंह के अनुसार, इस गिरोह का खुलासा थाना समराला में 27 सितंबर 2025 को दर्ज एक मामले के बाद हुआ। शिकायतकर्ता अमनदीप कौर ने बताया था कि बाजार में दो युवकों ने उनकी सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे।
पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी आशु को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी शिवा को सीआईए स्टाफ खन्ना की टीम ने पकड़ा। पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्य सागर, जय राम और कांता के नाम सामने आए, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यूपी के शामली से जुड़े आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले हैं और खन्ना में किराए पर रह रहे थे। वे वारदातों के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे और लूटे गए सोने को उत्तर प्रदेश के सुनारों को बेच देते थे।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह खन्ना, मोहाली, मंडी गोबिंदगढ़ और अमलोह सहित कई इलाकों में सक्रिय था। इसके तार दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले हुए हैं, जिससे यह एक बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा माना जा रहा है।