Punjab News: लाडोवाल टोल प्लाजा पर बढ़े रेट, कैश पेमेंट बंद, आज रात 12 बजे से लागू होंगे नए दाम
Mar 31, 2026 5:00 PM
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना के पास स्थित लाडोवाल टोल प्लाज़ा पर 1 अप्रैल से टोल टैक्स महंगा हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा जारी नए रेट आज रात 12 बजे से लागू कर दिए जाएंगे। इस बार टोल दरों में औसतन 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही टोल प्लाजा पर नकद लेनदेन पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे अब सभी वाहन चालकों को डिजिटल माध्यम से भुगतान करना होगा।
कार और हल्के वाहनों के लिए नए रेट
नए रेट के अनुसार अब कार, जीप और वैन चालकों को सिंगल यात्रा के लिए 220 रुपये की जगह 225 रुपये देने होंगे। वहीं, आने-जाने यानी राउंड ट्रिप के लिए 335 रुपये के बजाय 340 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह LCV, LGV और मिनी बस के लिए सिंगल यात्रा का शुल्क 360 से बढ़ाकर 365 रुपये और राउंड ट्रिप का शुल्क 545 से बढ़ाकर 550 रुपये कर दिया गया है।
मंथली और सालाना पास भी महंगे
टोल प्लाजा पर मासिक पास लेने वाले यात्रियों को भी अब ज्यादा भुगतान करना होगा। पहले जहां मासिक पास 340 रुपये में मिलता था, अब इसके लिए 350 रुपये देने होंगे। वहीं, सालाना पास की कीमत 3000 रुपये से बढ़ाकर 3075 रुपये कर दी गई है, जिसमें 200 ट्रिप की सुविधा मिलती है। हालांकि स्थानीय लोगों को इस बढ़ोतरी में मामूली राहत दी गई है।
पूरे पंजाब में बढ़े टोल रेट
यह बढ़ोतरी केवल लाडोवाल टोल प्लाजा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब के टोल प्लाजा पर 3 से 5 प्रतिशत तक टोल टैक्स बढ़ाया गया है। पिछले साल भी 1 अप्रैल से टोल दरों में बढ़ोतरी की गई थी। यह वार्षिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसके तहत हर साल टोल दरों की समीक्षा की जाती है।
WPI के आधार पर तय होती हैं दरें
टोल टैक्स की दरें होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर तय की जाती हैं। सड़क की लंबाई, फ्लाईओवर, अंडरपास और अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखकर शुल्क निर्धारित किया जाता है। इस बार वार्षिक संशोधन के तहत करीब 2.5% से 10% तक बदलाव किया गया है।
अब केवल डिजिटल पेमेंट ही मान्य
1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब केवल FASTag या UPI के माध्यम से ही भुगतान किया जा सकेगा। यदि कोई वाहन चालक बिना डिजिटल पेमेंट के टोल पर पहुंचता है, तो उसे जुर्माना देना पड़ सकता है या वापस लौटाया जा सकता है। इसलिए वाहन चालकों को पहले से अपने FASTag अकाउंट को सक्रिय रखने की सलाह दी गई है।