Search

Punjab News: लुधियाना में भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत, कार का टायर फटने से 2 कारों की टक्कर, 5 घायल

Mar 25, 2026 5:20 PM

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले में आज यानी बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो कारों की टक्कर हो गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। यह हादसा लुधियाना-फिरोजपुर रोड पर गांव शेखूपुरा के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

टायर फटने से बिगड़ा संतुलन

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोगा से लुधियाना आ रही रिट्ज कार जब गांव शेखूपुरा के पास पहुंची तो उसका पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई। इसके बाद सामने से आ रही स्विफ्ट कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई।

दोनों वाहनों में सवार लोग घायल

हादसे में रिट्ज कार में सवार हरशदीप सिंह और देवकरण सिंह, जो मोगा के खोसा रंधीर के निवासी हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं स्विफ्ट कार में सवार लालदीन, सराजू, मामूसैन और शानू, जो लुधियाना के ताजपुर रोड इलाके के रहने वाले हैं, को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

मौके पर एक की मौत, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

स्विफ्ट कार के चालक गाऊदीन उर्फ शफी की हादसे के दौरान ही मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा घायलों में शामिल सराजू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!