Punjab News: लुधियाना में लाडोवाल पुलिस-काउंटर इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई, लक्खा गैंग के 2 बदमाश हथियारों समेत गिरफ्तार
May 18, 2026 3:39 PMलुधियाना: पंजाब के लुधियाना में थाना लाडोवाल पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और बिना नंबर का मोटरसाइकिल बरामद किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी गैंगस्टर लक्खा गैंग से जुड़े हुए हैं और पंजाब के अलग-अलग शहरों में बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार थाना लाडोवाल के एसआई विशाखा सिंह 17 मई 2026 को पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक हार्डीज वर्ल्ड के सामने संदिग्ध हालत में मौजूद हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत इलाके की नाकाबंदी कर दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक 30 बोर पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस, एक 315 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की CT-100 मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
फिल्लौर के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग मसीह और अंकुश मसीह के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जालंधर जिले के फिल्लौर स्थित ऊंची घाटी मोहल्ला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। थाना लाडोवाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहे हैं। अब पुलिस इनके पुराने रिकॉर्ड और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े संबंधों की भी जांच कर रही है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जर्मनी और दुबई में बैठे विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे। इन्हें हाई-प्रोफाइल टारगेट किलिंग और अन्य बड़ी वारदातों की जिम्मेदारी दी गई थी। डीजीपी के मुताबिक समय रहते गिरफ्तारी होने से बड़ी घटना टल गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हथियार कहां से मिले और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट से जुड़े लिंक, 5 जिलों में वारदात की थी तैयारी
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि CIA स्टाफ और काउंटर इंटेलिजेंस की टीम पहले से इलाके में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे एक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के सक्रिय सदस्य हैं। विदेशी हैंडलर अपने नेटवर्क के जरिए उन्हें हथियार उपलब्ध करवाते थे और विशेष टारगेट देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कुरुक्षेत्र, समराला, मोगा, फरीदकोट और तरनतारण में बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क पंजाब और आसपास के राज्यों में सक्रिय गैंगस्टर मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों का रिमांड लेने की तैयारी कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन की गहराई से जांच की जा सके। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई हैं।