Punjab News: लुधियाना के 7 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मचा हड़कंप, स्कूलों में चल रहे पेपर बीच में रुकवाए गए
May 18, 2026 1:21 PM
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शहर के सात स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजी गई धमकी भरी ई-मेल में हलवारा एयरपोर्ट की पार्किंग और धूरी-दिल्ली रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई। धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस, एंटी सबोटाज और बम निरोधक टीमों ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी।
धमकी मिलने वाले स्कूलों में दुगरी स्थित बाल भारती स्कूल, DAV स्कूल सराभा नगर एक्सटेंशन, सेक्रेड हार्ट स्कूल, द एशियन स्कूल और भारतीय विद्या मंदिर (BVM) की किचलू नगर, उधम सिंह नगर और सेक्टर-39 शाखाएं शामिल हैं। इनमें कुछ संस्थान आरएसएस से जुड़े बताए जा रहे हैं। धमकी के बाद सभी स्कूलों में चल रहे पेपर तुरंत बंद करवा दिए गए। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल परिसर खाली कराया गया। अभिभावकों को भी तत्काल सूचना देकर बच्चों को घर ले जाने के लिए बुलाया गया।
पुलिस और एंटी सबोटाज टीमों की जांच
थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि स्कूलों को एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुई थी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। पुलिस ने एंटी सबोटाज टीमों के साथ स्कूल परिसरों की पूरी जांच की, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। लुधियाना पुलिस के अलावा साइबर सेल की टीमें भी जांच में जुटी हैं। अधिकारी ई-मेल भेजने वाले की लोकेशन और तकनीकी स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। संगरूर जिले के कुछ स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई है।
धमकी भरी ई-मेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। ई-मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी धमकी भरे शब्द इस्तेमाल किए गए हैं। इसके अलावा पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी और पूर्व डीजीपी मुस्तफा का भी जिक्र किया गया है। ई-मेल में दावा किया गया कि संगठन बच्चों के खिलाफ नहीं है, लेकिन लोगों को अपने बच्चों को सुरक्षित रखने की चेतावनी दी गई।
हलवारा एयरपोर्ट और रेलवे ट्रैक को भी धमकी, स्कूलों के कड़ी सुरक्षा
ई-मेल में हलवारा एयरपोर्ट की पार्किंग में धमाका करने और धूरी-दिल्ली रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की बात भी लिखी गई है। मेल में अलग-अलग समय का जिक्र करते हुए कहा गया कि स्कूलों में सुबह 11:11 बजे IED ब्लास्ट होंगे, जबकि एयरपोर्ट पार्किंग और रेलवे ट्रैक पर दोपहर और शाम के समय धमाके किए जाएंगे। हालांकि निर्धारित समय तक किसी भी स्थान पर कोई विस्फोट नहीं हुआ। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। रेलवे और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
घटना के बाद लुधियाना के कई स्कूलों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभिभावकों में भी इस घटना को लेकर चिंता देखी गई। कई स्कूलों ने दिनभर के लिए कक्षाएं स्थगित कर दीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। साइबर जांच के आधार पर धमकी भेजने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।