Punjab News: लुधियाना में शादी से लौटते वक्त दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, आरोपी ड्राइवर फरार
May 01, 2026 10:20 AM
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले में एक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक 32 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी जान गंवा दी। हादसा उस समय हुआ जब कार में सवार लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक साथ मौजूद आदर्श यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों अपने दोस्तों के साथ कार में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे और वापसी के दौरान हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविंद्र ने दम तोड़ दिया।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
मामले में शिकायतकर्ता जितेंद्र सिंह, जो मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई रविंद्र राजपूत अपने दोस्तों के साथ मनोज श्रीवास्तव के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए लुधियाना आया था। सभी लोग कार नंबर PB91-02089 में वीर पैलेस, चंडीगढ़ रोड पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे सभी वापस लौट रहे थे। जब उनकी कार हीरो साइकिल फैक्ट्री के सामने दिल्ली रोड पुल के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल रविंद्र राजपूत और आदर्श यादव को तुरंत अपोलो अस्पताल, लुधियाना में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने रविंद्र को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन 30 अप्रैल को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आदर्श यादव का इलाज अभी जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रविंद्र राजपूत की मौत से परिवार में शोक की लहर है। उनकी शादी कुछ साल पहले ही हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद साबित हुआ है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। थाना डिविजन नंबर-6 की पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125A, 324(4) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।