Ludhiana News: लुधियाना ATM लूटकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार, 17.98 लाख रुपए चोरी कर लखनऊ भागे थे
Jun 19, 2026 1:57 PMलुधियाना: पंजाब के लुधियाना में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से लाखों रुपए चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 12 और 13 जून की दरमियानी रात प्रताप चौक स्थित एटीएम में हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले एटीएम की रैकी की थी और रात के समय एटीएम का लॉक खोलकर करीब 17 लाख 98 हजार रुपए चुरा लिए थे। घटना के बाद दोनों आरोपी ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ भाग गए, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 75 हजार रुपए भी बरामद किए हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पहले दिन के समय एटीएम का निरीक्षण किया था। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और एटीएम की स्थिति का जायजा लेने के बाद रात में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने किसी गैस कटर या अत्याधुनिक उपकरण का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि एटीएम का लॉक खोलकर नकदी तक पहुंच बनाई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात का पता चलने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर उनकी तलाश शुरू की।
लखनऊ से हुई गिरफ्तारी
थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम में से 13 लाख 75 हजार रुपए भी बरामद कर लिए। डीसीपी जसकिरनजीत सिंह तेजा के अनुसार दोनों आरोपियों की उम्र 24 और 19 वर्ष है। पुलिस अब उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।
पहले आरोपी की पहचान सुदांशु महाजन निवासी गांव आलोवाल, जिला कपूरथला के रूप में हुई है। वह लुधियाना के ढोलेवाल इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। दूसरे आरोपी की पहचान वसीम खान उर्फ मोटू निवासी जिला अमेठी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो लुधियाना के राम नगर क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी वर्तमान में लुधियाना में रहकर कामकाज कर रहे थे। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
बहन की शादी और घर खरीदने के लिए की चोरी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वसीम खान अपनी बहन की शादी के लिए पैसों का इंतजाम करना चाहता था। वहीं सुदांशु महाजन घर खरीदने की योजना बना रहा था। इसी उद्देश्य से दोनों ने एटीएम में चोरी की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद दोनों ने रकम आपस में बांट ली और लुधियाना रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर लखनऊ पहुंच गए। वहां कुछ दिन तक उन्होंने चोरी के पैसों से मौज-मस्ती भी की।
पूछताछ के दौरान सुदांशु महाजन ने बताया कि उसे पिछले कुछ समय से दिहाड़ी का काम नहीं मिल रहा था, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। उसने यह भी बताया कि वह गर्मियों में अक्सर प्रताप चौक स्थित एटीएम कक्ष के अंदर रात गुजारता था और उसे वहां की व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इस मामले में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। जिस एटीएम में चोरी हुई वहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। घटना के दौरान कोई अलार्म या हूटर भी सक्रिय नहीं हुआ। पुलिस अब सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।