हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नारनौल आवास पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, बाल-बाल बचा परिवार
May 16, 2026 2:20 PM
महेंद्रगढ़। हरियाणा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने अब सूबे के बड़े राजनेताओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। महेंद्रगढ़ रोड पर स्थित पॉवर हाउस के सामने शिव कॉलोनी में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरेंद्र सिंह के पुश्तैनी निवास पर बीती रात तड़के करीब 3 बजे हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमले की नीयत से धावा बोल दिया। घटना के समय घर के भीतर पूर्व विधायक के भाई राव देवेंद्र सिंह, उनकी पत्नी, बेटे और दो मासूम बच्चियों सहित पूरा परिवार सो रहा था। गनीमत रही कि स्टाफ की समय पर आंख खुल गई और शोर मचाने के कारण बदमाश दीवार फांदकर भाग खड़े हुए, जिससे एक बड़ा हत्याकांड टल गया।
सीसीटीवी कैमरे ठप कर कटर से काटे पुश्तैनी मकान के ताले
नारनौल के इस हाई-प्रोफाइल पुश्तैनी मकान में हुई वारदात की पूरी क्रोनोलॉजी बेहद खौफनाक है। राव नरेंद्र सिंह के भाई राव देवेंद्र सिंह ने बताया कि 15 मई की रात और 16 मई की अलसुबह करीब 3 बजे चार से पांच हट्टे-कट्टे बदमाश साथ वाले प्लॉट की दीवार लांघकर घर के पिछले हिस्से में दाखिल हुए। बदमाशों ने सबसे पहले सुरक्षा तंत्र को ध्वस्त करने के लिए सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए। इसके बाद उन्होंने सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे कर्मचारियों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई विरोध न कर सके। बदमाशों ने घर के मुख्य पिछले दरवाजे पर लगे मजबूत ताले को किसी कटर या तेजधार हथियार से काट डाला और कुंडी भी तोड़ दी।
स्टाफ ने खिड़की से देखे हथियारबंद शूटर, डायल 112 पर दी सूचना
जब बदमाश कटर से ताले काट रहे थे, तभी सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे स्टाफ की नींद टूट गई। स्टाफ ने जैसे ही कमरे की लाइट जलाई और बाहर निकलने की कोशिश की, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। कर्मचारियों ने खिड़की से झांककर देखा कि अंधेरे में खड़े बदमाशों के हाथों में पिस्तौल, रिवॉल्वर और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार थे। नौकरों द्वारा शोर मचाने पर बदमाश पकड़े जाने के डर से वापस दीवार लांघकर नौ दो ग्यारह हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने रात 3:20 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कटे हुए ताले, जूतों के निशान और कटे तार बरामद किए।
लॉरेंस बिश्नोई और शराब-माइनिंग माफिया से रंजिश की आशंका
इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे सीधे तौर पर हरियाणा में पैर पसार चुके संगठित अपराध और नामी गैंगस्टर गिरोहों का हाथ होने की आशंका जताई गई है। राव देवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में साफ किया है कि उनके परिवार की किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है। उनके भाई राव नरेंद्र सिंह हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और वह लगातार प्रदेश में सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गैंग, अर्शदीप दल्ला गैंग, रोहित गोदारा गैंग, हिमांशु भाऊ, संदीप उर्फ काला जठेड़ी और कौशल चौधरी जैसे 85 से अधिक आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर मोर्चा खोले हुए हैं। इसके अलावा नारनौल, महेंद्रगढ़ और मेवात में सक्रिय माइनिंग माफिया, शराब माफिया और ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ आवाज उठाने के कारण ही इस टारगेटेड हमले को अंजाम देने की कोशिश की गई है।