नारनौल में महिला एवं बाल विकास विभाग में भर्ती, आवेदन शुरू
Mar 08, 2026 11:35 AM
महेंद्रगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अवसर सामने आया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत मिशन वात्सल्य योजना के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई, महेंद्रगढ़ (नारनौल) ने “सपोर्ट पर्सन” पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के तहत कुल चार पद भरे जाएंगे और इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन ऑफलाइन माध्यम से भेज सकते हैं।
विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 18 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 10 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक अपना आवेदन निर्धारित पते पर जमा करा सकते हैं। आवेदन भारतीय डाक या दस्ती तौर पर स्वीकार किए जाएंगे।
चार पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल चार पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें तीन पद महिला उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं जबकि एक पद पुरुष उम्मीदवार के लिए रखा गया है चयनित उम्मीदवारों को नारनौल में जिला बाल संरक्षण इकाई के अंतर्गत काम करना होगा। वे मिशन वात्सल्य योजना के तहत बच्चों से जुड़े मामलों और संरक्षण सेवाओं में सहयोग करेंगे।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास सोशल वर्क, सोशियोलॉजी, साइकॉलॉजी या चाइल्ड डेवलपमेंट विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन होना चाहिए। इसके अलावा ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें बाल शिक्षा या बाल विकास क्षेत्र में कम से कम तीन साल का अनुभव होना आवश्यक है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 25 वर्ष तय की गई है, जबकि अधिकतम आयु 42 वर्ष रखी गई है। अच्छी बात यह है कि इस भर्ती के लिए किसी भी वर्ग के उम्मीदवार से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। सभी अभ्यर्थी बिना फीस के आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे भेजें अपना आवेदन
उम्मीदवारों को इस भर्ती के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा। सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करना होगा और उसमें मांगी गई सभी जानकारी भरनी होगी। भरे हुए आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर लिफाफे पर “Application For the post of ……” लिखना जरूरी होगा। इसके बाद आवेदन को पंजीकृत डाक या सीधे जिला बाल कल्याण संरक्षण इकाई, कोठी नंबर 721, हुडा सेक्टर-1, नारनौल के पते पर जमा कराया जा सकता है।
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है ताकि पात्रता और चयन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सके।