नोएडा: नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक आत्महत्या और दो संदिग्ध मौतों के मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने तीनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
नॉलेज पार्क क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में रहने वाले 19 वर्षीय युवक अंकुश ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि अंकुश अपने भाई संदीप के साथ गांव में किराए के मकान में रहता था। मंगलवार को घर के अंदर उसने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
शारदा अस्पताल में करता था काम, मानसिक तनाव की आशंका
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई संदीप ने पूछताछ में बताया कि अंकुश शारदा अस्पताल में काम करता था और बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की कोई ठोस वजह अब तक सामने नहीं आ सकी है। पुलिस युवक के व्यक्तिगत, पारिवारिक और पेशेवर जीवन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सेक्टर 11 निवासी युवक की इलाज के दौरान मौत
दूसरा मामला सेक्टर 24 थाना क्षेत्र से सामने आया है। सेक्टर 11 निवासी सुजीत कुमार (35) को उनके परिजनों ने मंगलवार सुबह गंभीर हालत में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदयघात प्रतीत हो रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
हालांकि, मृत्यु के स्पष्ट कारण सामने न आने के चलते पुलिस ने एहतियातन शव का पोस्टमार्टम कराने का फैसला किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि मौत पूरी तरह प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
फेस-2 क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत
तीसरी घटना फेस-2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुलेसरा पुस्ता इलाके की है। यहां रहने वाली उर्मिला (32) को उनके परिजन तबीयत बिगड़ने पर उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फेस-2 थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।