Palwal Scorpio Parts Theft: स्टॉक यार्ड में खड़ी स्कॉर्पियो से पार्ट्स चोरी करते पकड़े गए कर्मचारी, वीडियो वायरल
May 28, 2026 10:41 AM
पलवल। पलवल के 'महिंद्रा प्राइम ऑटोमोबाइल्स' सर्विस सेंटर की एक घिनौनी करतूत सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। फरीदाबाद के संजल कॉलोनी (सेक्टर 23) निवासी प्रह्लाद सिंह सिवाच ने ढाई महीने पहले ही अपनी बेटी की शादी में बड़े चाव से एक ब्रांड न्यू स्कॉर्पियो क्लासिक गाड़ी खरीदी थी। उन्हें क्या पता था कि यह गाड़ी उनके परिवार के लिए काल बन जाएगी। उत्तर प्रदेश के कोकिलावन धाम की परिक्रमा कर लौटते समय पलवल के बंचारी गांव के पास इस गाड़ी का भीषण एक्सीडेंट हो गया था। दर्दनाक बात यह रही कि इतनी बड़ी टक्कर के बावजूद गाड़ी के सेफ्टी एयरबैग खुले ही नहीं। इस लापरवाही के कारण प्रह्लाद सिंह के दामाद विवेक (23) और बुजुर्ग दादी सुमरजीत (70) की मौत हो गई, जबकि बेटी चंचल और समधन कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्टॉक यार्ड में चल रहा था खेल, मालिक ने ऑन-कैमरा पकड़ा झूठ
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्लेम और रिपेयरिंग के लिए पलवल स्थित महिंद्रा के स्टॉक यार्ड में खड़ा किया गया था। बीती 23 मई को जब प्रह्लाद सिंह सिवाच अपनी गाड़ी की स्थिति देखने स्टॉक यार्ड पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि दो युवक उनकी गाड़ी को घेरे खड़े हैं और उसके कीमती पार्ट्स औजारों से खोल रहे हैं। प्रह्लाद सिंह ने तुरंत मोबाइल निकाला और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पूछने पर दोनों ने अपना नाम फिरोज और आकाश बताया और कबूला कि वे सर्विस सेंटर के ही कर्मचारी हैं। जब उनसे पूछा गया कि वे एक्सीडेंटल गाड़ी के पार्ट्स क्यों निकाल रहे हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि वे अपनी मर्जी से नहीं, बल्कि अपने बॉडीशॉप हेड दीपक चौहान के कहने पर यह काम कर रहे हैं।
"गलती से मिस्टेक हुई..." बदनामी के डर से मैनेजर ने मांगी माफी
पीड़ित प्रह्लाद सिंह ने मौके पर ही फोन करके बॉडी हेड दीपक चौहान को स्टॉक यार्ड बुला लिया। कैमरे के सामने फंसते देख मैनेजर दीपक चौहान बगलें झांकने लगा और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। वीडियो में मैनेजर यह सफाई देता दिख रहा है कि कर्मचारियों को गाड़ियों के नंबर को लेकर 'कंफ्यूजन' हो गया था। उन्हें किसी और गाड़ी के पार्ट्स खोलने के लिए भेजा गया था और वे गलती से इस गाड़ी के पुर्जे खोलने लगे। प्रह्लाद सिंह का आरोप है कि उनकी गाड़ी का नंबर अभी ठीक होने के लिए आया ही नहीं था, फिर भी गाड़ी से पहले ही काफी कीमती सामान गायब किया जा चुका है। उन्हें शक है कि यह एजेंसी के भीतर चलने वाला एक बड़ा नेक्सस है, जहां एक्सीडेंटल गाड़ियों के अच्छे पार्ट्स निकालकर दूसरी गाड़ियों में खपाए जाते हैं।
वीडियो वायरल होने पर महिंद्रा ने झाड़ा पल्ला, तीन कर्मचारी बर्खास्त
मामले का वीडियो जब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा, तो महिंद्रा कंपनी के आला अधिकारी बैकफुट पर आ गए। सर्विस सेंटर के हेड अमित ने ऑन-कैमरा कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया, लेकिन दबी जुबान में माना कि गलती हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक इस पूरे मामले का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक ग्राहक के संतोष के लिए बॉडीशॉप मैनेजर दीपक चौहान और दोनों मैकेनिकों (फिरोज व आकाश) को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटा दिया गया है। वहीं, एयरबैग न खुलने के गंभीर मामले पर सर्विस हेड ने कहा कि कंपनी की टेक्निकल टीम इसकी बारीकी से जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
उधर, भवन कुंड पुलिस चौकी के इंचार्ज हंसराज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें महिंद्रा प्राइम ऑटोमोबाइल्स के यार्ड में खड़ी गाड़ी से सामान चोरी होने की लिखित शिकायत मिली है। पुलिस ने फिलहाल एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की है, लेकिन वीडियो साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।