Search

पलवल में कलयुगी किस्सा: 12वीं के छात्र ने अपनी मां पर दर्ज कराया चोरी का केस, सीसीटीवी ने खोली पोल

Apr 02, 2026 11:21 AM

पलवल। पलवल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। आमतौर पर मां-बेटे का रिश्ता ममता और भरोसे की बुनियाद पर टिका होता है, लेकिन न्यू कॉलोनी निवासी हितेश गर्ग ने अपनी मां चारू गर्ग पर चोरी का इल्जाम लगाकर इस रिश्ते की कड़वाहट को थाने की दहलीज तक पहुंचा दिया है। 12वीं कक्षा के छात्र हितेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी अपनी ही मां ने उसकी स्कूटी की डिग्गी से फोन चोरी किया है। हथीन गेट चौकी पुलिस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

परीक्षा देने गया था बेटा, पीछे से 'डिग्गी' साफ कर गई मां

वाकया 12 मार्च का है, जब हितेश का 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर था। वह अपने दादा कृष्ण चंद की स्कूटी लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचा था। परीक्षा शुरू होने से पहले उसने अपना मोबाइल फोन सुरक्षा के लिहाज से स्कूटी की डिग्गी में लॉक कर दिया था। लेकिन जब वह पेपर देकर बाहर निकला, तो डिग्गी खाली मिली। हक्का-बक्का हितेश जब स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कैमरे में साफ दिख रहा था कि उसकी अपनी मां चारू गर्ग स्कूटी के पास आती हैं और डिग्गी खोलकर फोन निकाल ले जाती हैं।

पति-पत्नी का पुराना विवाद और बिखरता परिवार

इस अजीबोगरीब केस के पीछे गहरी पारिवारिक कलह छिपी हुई है। हितेश के पिता डॉ. मनीष गर्ग, जो हथीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बतौर सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) तैनात हैं, उनका अपनी पत्नी चारू के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। हितेश अपनी मां के साथ न रहकर अपने दादा के पास रहता है। डॉ. मनीष ने भी इस मामले में अपनी पत्नी का पक्ष लेने के बजाय दोटूक कहा कि फोन चोरी करना उनकी पत्नी की आदत बन चुकी है और उन्हें अब उससे कोई लेना-देना नहीं है।

पंचायत और समझौते की कोशिशें हुईं नाकाम

पुलिस के मुताबिक, यह मामला 12 मार्च को ही उनके संज्ञान में आ गया था। चूंकि मामला पूरी तरह पारिवारिक था, इसलिए हथीन गेट चौकी प्रभारी शेर सिंह तंवर ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की काफी कोशिश की। पुलिस चाहती थी कि घर का मामला घर में ही सुलझ जाए, लेकिन बेटा और पिता किसी भी सूरत में झुकने को तैयार नहीं थे। जब सहमति के सारे रास्ते बंद हो गए, तब जाकर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर चारू गर्ग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि आखिर एक मां ने अपने ही बेटे के साथ ऐसा क्यों किया।

You may also like:

Please Login to comment in the post!