पलवल में सनसनीखेज किडनैपिंग: घर के बाहर खेल रहे बच्चे को कार में उठा ले गए बदमाश, मां ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
May 15, 2026 4:39 PM
पलवल। पलवल के शांति नगर इलाके से कानून-व्यवस्था और पुलिस की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक मां अपने कलेजे के टुकड़े को वापस पाने के लिए सिस्टम से लड़ रही है। आरोप है कि करीब एक हफ्ता पहले उसके 5 साल के बेटे भव्य का घर के बाहर से फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। इस सनसनीखेज वारदात के पुख्ता सबूत (सीसीटीवी फुटेज) होने के बावजूद स्थानीय पुलिस मामले को पारिवारिक कलह का रूप देकर टालती रही। आखिरकार जब पीड़ित महिला ने पलवल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के सामने पेश होकर अपनी आपबीती सुनाई, तब कहीं जाकर पुलिस नींद से जागी और आनन-फानन में मुकदमा दर्ज किया गया।
6 बजकर 24 मिनट पर आई कार और ले उड़ी मासूम को
पीड़ित महिला पूजा ने अपनी शिकायत में बताया कि यह पूरी वारदात 9 मई की शाम करीब 6:24 बजे की है। उनका बेटा भव्य अमूमन की तरह घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान वहां एक संदिग्ध कार आकर रुकी। कार में करीब चार से पांच लोग सवार थे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, गाड़ी से एक शख्स उतरा और खेल रहे भव्य को जबरन उठाकर कार के अंदर खींच लिया और गाड़ी पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गई। जब काफी देर तक बच्चा घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और गली में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें अपहरण की यह खौफनाक कड़ियां सामने आईं।
"वो बच्चे का बाप नहीं, फरार अपराधी नरवीर है" - मां का दावा
इस मामले में पुलिस की भूमिका पर सबसे बड़े सवाल तब खड़े हुए, जब कैंप थाना पुलिस ने शुरुआती शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पूजा का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने फुटेज देखने के बाद भी ढीला रवैया अपनाया और यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि बच्चा अपने पिता के पास सुरक्षित है। इस पर पीड़िता ने साफ शब्दों में कहा कि सीसीटीवी फुटेज में जो व्यक्ति बच्चे को गोद में उठाकर गाड़ी में डालता दिख रहा है, वह उसका पति नहीं है। महिला ने दावा किया कि उसकी पहचान नरवीर के रूप में हुई है। नरवीर कोई साधारण व्यक्ति नहीं है, बल्कि उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) का संगीन मामला दर्ज है और वह पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा है।
घरेलू हिंसा और जान का खतरा
शिकायत में पीड़िता ने अपने पारिवारिक हालातों का भी जिक्र किया है। पूजा के मुताबिक, उसका पति अत्यधिक शराब पीने का आदी है और आए दिन उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता है। यही नहीं, वह पूरे परिवार को सरेआम गोली मारने की धमकियां भी देता है। ऐसे में महिला को अंदेशा है कि इस अपहरण के पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है और उसके बच्चे की जान को गंभीर खतरा है। महिला ने एसपी से मांग की है कि मामले की कमान किसी ईमानदार अधिकारी को सौंपी जाए, बच्चे को सकुशल बरामद किया जाए और गाड़ी के मालिक सहित आरोपी नरवीर के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। फिलहाल कैंप थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की बात कह रही है।