हाईवे पर लिफ्ट देना पड़ा भारी: पलवल में ड्राइवर को बंधक बनाकर ट्रक और ₹20 हजार लूटे, 2 गिरफ्तार
May 12, 2026 4:11 PM
पलवल। पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर एक बार फिर 'लिफ्ट गैंग' की दहशत देखने को मिली है। एक ट्रक ड्राइवर ने जिन तीन युवकों को मददगार समझकर अपनी गाड़ी में जगह दी, वही उसके लिए काल बन गए। घटना 7 मई की रात की है, जब नूंह निवासी ट्रक ड्राइवर मोहम्मद जैद यूपी के कोसीकलां से माल लेकर पलवल की तरफ आ रहा था। करमन टोल प्लाजा के पास तीन युवकों ने हाथ देकर होडल तक लिफ्ट मांगी। जैद ने इंसानियत के नाते उन्हें ट्रक में बिठा लिया, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि वह लुटेरों को खुद न्योता दे रहा है।
बंधक बनाकर पीटा, आंखों पर किया वार
होडल थाना प्रभारी अशोक कुमार के मुताबिक, ट्रक के चलते ही तीनों युवकों ने अपना असली रंग दिखा दिया। आरोपियों ने अचानक जैद पर हमला बोल दिया और उसे लात-घूंसों से लहूलुहान कर दिया। पिटाई इतनी बर्बर थी कि जैद की आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। बदमाशों ने बेबस ड्राइवर के हाथ-पैर बांध दिए, मुंह पर टेप चिपकाई और उसे ट्रक के केबिन में ही नीचे पटक दिया। इसके बाद उन्होंने ड्राइवर के पास रखे 20 हजार रुपये लूटे और ट्रक को नूंह रोड की तरफ मोड़ दिया।
होटल पर ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बेखौफ होकर उंटावड़ के पास एक होटल पर खाना खाने के लिए रुके। यही जैद के लिए अपनी जान बचाने का आखिरी मौका था। बंधक बने जैद ने हिम्मत जुटाकर बाहर खड़े लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए इशारा किया। होटल कर्मियों और राहगीरों ने जब ट्रक के भीतर का खौफनाक मंजर देखा, तो तुरंत ड्राइवर को नीचे उतारा। लोगों को इकट्ठा होते देख तीनों बदमाश हड़बड़ा गए और ट्रक लेकर वहां से चंपत हो गए।
पुलिस की कार्रवाई: दो आरोपी सलाखों के पीछे
होडल थाना पुलिस ने एएसआई साहुद अहमद के नेतृत्व में टीम गठित कर इस 'ब्लाइंड रॉबरी' की तफ्तीश शुरू की। तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने नूंह जिले के फरदड़ी गांव निवासी साद और खेड़ी कंकर निवासी इरसाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस का दावा है कि तीसरे आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे भी जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।