Search

पलवल में आधी रात एनकाउंटर: 4 राज्यों का वांटेड 10 हजार का इनामी गो-तस्कर जैकम दोनों पैरों में गोली लगने से ढेर

May 15, 2026 5:01 PM

पलवल। पलवल जिला पुलिस की सीआईए (एवीटी) टीम ने एक दुस्साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय गो-तस्कर और कुख्यात अपराधी जैकम उर्फ फितना को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। नूंह (मेवात) के उटावड़ का रहने वाला यह बदमाश पिछले कई सालों से हरियाणा सहित दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान पुलिस को चकमा दे रहा था। हथीन बाईपास पर हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। खुद को पुलिस से घिरा देख जैकम ने टीम पर सीधे फायर झोंक दिया, जिसके जवाब में पुलिस को भी आत्मरक्षार्थ गोलियां चलानी पड़ीं। दोनों पैरों में गोली लगने से घायल जैकम को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि उसके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी से भागने में कामयाब रहे।

सटीक मुखबिरी और वो 25 मिनट का सस्पेंस

डीएसपी क्राइम अनिल कुमार ने ऑपरेशन की तफसील साझा करते हुए बताया कि सीआईए हथीन के प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया को एक ठोस इनपुट मिला था। सूचना थी कि जैकम गोकशी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से हथियारों से लैस होकर पलवल आने वाला है और उटावड़ रोड पुलिया के पास अपने गुर्गों से मिलने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पीएसआई गुलिया ने एसआई हकीमुद्दीन, एएसआई वीरेंद्र सिंह और सिपाही नवीन सहित चुनिंदा जवानों की एक स्पेशल टीम तैयार की और मौके पर नाकाबंदी कर दी। करीब 20 से 25 मिनट के इंतजार के बाद उटावड़ की तरफ से एक संदिग्ध गाड़ी आई। गाड़ी रुकी, उसमें से जैकम उतरा और गाड़ी पलक झपकते ही हथीन की तरफ निकल गई, जबकि जैकम पैदल ही पुलिया की तरफ बढ़ने लगा।

"बाल-बाल बचे पुलिस प्रभारी, खेतों में घिरा तो शुरू किया तांडव"

जैसे ही पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, जैकम ने बिना वक्त गंवाए अपनी जेब से पिस्टल निकाली और सीधे पीएसआई दीपक गुलिया पर गोली दाग दी। गोली उनके पास से सनसनाती हुई निकल गई और वे बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी ने पास के खेतों की तरफ दौड़ लगा दी। पहले से ही मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। खुद को पूरी तरह फंसा देख जैकम ने सरेंडर करने के बजाय लगातार फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो गोलियां जैकम के दोनों पैरों में जा लगीं और वह चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत आगे बढ़कर उसे काबू किया और अस्पताल पहुंचाया। तलाशी के दौरान उसकी पिस्टल के चैंबर में एक मिस राउंड (फंसा हुआ कारतूस) मिला, जबकि मैगजीन खाली हो चुकी थी।

वीडियो से खुला था नेटवर्क, पलवल पुलिस पर पहले भी चला चुका था गोलियां

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जैकम उर्फ फितना गोतस्करी के सिंडिकेट का एक बड़ा मोहरा है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के मथुरा (कोसीकलां) इलाके में गोतस्करी करते हुए उसका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद से यूपी पुलिस भी उसकी तलाश में थी। यही नहीं, साल 2024 में भी उसने पलवल में पुलिस की एक रेडिंग पार्टी पर सीधी फायरिंग की थी और फरार हो गया था। उसकी इसी दुस्साहसिक फितरत को देखते हुए दिल्ली और पलवल पुलिस ने उस पर पांच-पांच हजार रुपये (कुल 10 हजार) का इनाम घोषित किया था। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे रिमांड पर लेकर उसके पूरे नेटवर्क को खंगालने की तैयारी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!