पलवल में डग्गामार चालकों की गुंडागर्दी, चालान काटने पहुंचे रोडवेज जीएम और टीम से की हाथापाई
May 16, 2026 4:10 PM
पलवल। पलवल में डग्गामार और अवैध वाहन चालकों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने अब सीधे प्रशासनिक अधिकारियों को ही निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पलवल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक (जीएम) जितेंद्र यादव अपनी टीम के साथ बस स्टैंड के मुख्य गेट पर मुस्तैद थे। टीम यहां अवैध रूप से सवारियां ढोकर सरकार को राजस्व का चूना लगाने वाले ईको और ऑटो चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। जैसे ही अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाली गाड़ियों के चालान काटने और उन्हें जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, वैसे ही अवैध वाहन चालक लामबंद हो गए।
कहासुनी से बढ़ी बात, रोडवेज कर्मचारियों ने बसों से घेरा नेशनल हाईवे
चश्मदीदों के मुताबिक, चालान कटने से भड़के कुछ ईको चालकों ने पहले तो अधिकारियों के साथ तीखी बहसबाजी की, लेकिन जब अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया तो वे सीधे हाथापाई और बदसलूकी पर उतारू हो गए। अपने आला अधिकारियों के साथ बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी की भनक जैसे ही डिपो के अंदर मौजूद रोडवेज चालकों और परिचालकों को लगी, पूरे बस स्टैंड में हड़कंप मच गया। गुस्साए कर्मचारी तुरंत बाहर आए और विरोध स्वरूप अपनी-अपनी बसों को नेशनल हाईवे-19 पर लाकर तिरछा खड़ा कर दिया। देखते ही देखते दिल्ली-मथुरा-आगरा रूट पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस ने दी दबिश, एक गिरफ्तार; मुकदमा दर्ज करने की तैयारी
हाईवे जाम होने और हंगामे की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद और बस स्टैंड चौकी प्रभारी अमित कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और जीएम जितेंद्र यादव ने मिलकर बकझक कर रहे कर्मचारियों को उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जीएम की तरफ से सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने की लिखित शिकायत मिल चुकी है। मौके से एक आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।