Search

पलवल न्यूज़: धर्मेंद्र मालिया गैंग का एक और गुर्गा पुलिस की गिरफ्त में, टोल दफ्तर में घुसकर की थी गुंडागर्दी

May 16, 2026 5:06 PM

पलवल। पलवल में केजीपी एक्सप्रेस-वे के पेलक-सिहोल टोल प्लाजा पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले रंगदारी नेक्सस पर होडल सीआईए ने अपना शिकंजा और कस दिया है। सिहोल गांव के रहने वाले टोल सुपरवाइजर गौरव पर हुए खूनी हमले के मामले में फरार चल रहे एक और शातिर आरोपी मनीष को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धर दबोचा। होडल सीआईए प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि इस वीभत्स वारदात में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं, जिसके बाद चौथे आरोपी को हसनपुर इलाके से काबू किया गया।

50 हजार महीना दो वरना टोल नहीं चलेगा— महीनों से मिल रही थी धमकी

चांदहट थाने में दर्ज मामले के अनुसार, टोल सुपरवाइजर गौरव ने पुलिस को बताया था कि गांव मीसा का रहने वाला नामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ मालिया और उसके गुर्गे पिछले 7-8 महीनों से टोल प्लाजा को शांति से चलने देने के एवज में ₹50,000 प्रति महीना की प्रोटेक्शन मनी (रंगदारी) मांग रहे थे। जब टोल प्रबंधन ने बदमाशों की इस नाजायज मांग के आगे झुकने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने सबक सिखाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

हथौड़े और कट्टे के बट से किया था लहूलुहान, तीन गाड़ियों में आए थे हमलावर

बीती 2 मार्च की शाम को टोल कार्यालय में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब तीन गाड़ियों में सवार होकर आए करीब एक दर्जन नकाबपोश और हथियारबंद बदमाश दफ्तर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने अंदर बैठते ही सुपरवाइजर गौरव पर डंडों, लोहे के हथौड़ों, फावड़े और देसी कट्टे के बट से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। गौरव को अधमरा करने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए और जान से मारने की धमकी देकर अपनी गाड़ियों सहित मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्र उर्फ मालिया, तरुण उर्फ अरुण और अभिषेक को पहले ही दबोच लिया था। अब चौथे आरोपी मनीष की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों और उन्हें पनाह देने वालों को भी जल्द ही बेनकाब कर जेल भेजा जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!