Search

पलवल हाईवे पर लूट: लिफ्ट लेकर ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाया, नूंह के दो लुटेरे गिरफ्तार

May 11, 2026 4:25 PM

पलवल। नूंह के रवा गांव निवासी ट्रक चालक मोहम्मद जैद 7 मई की रात कोसीकलां (यूपी) से अपनी गाड़ी लेकर पलवल की तरफ आ रहा था। रात करीब 8 बजे जब वह करमन टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तो तीन युवकों ने होडल तक जाने के लिए उससे हाथ देकर लिफ्ट मांगी। जैद ने इंसानियत के नाते उन्हें ट्रक में बिठा लिया, लेकिन उसे क्या पता था कि वह अपनी ही बर्बादी को न्योता दे रहा है। ट्रक में बैठते ही तीनों युवकों ने अपना असली रंग दिखा दिया। उन्होंने जैद पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बदमाशों ने उसकी आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और आवाज दबाने के लिए मुंह पर टेप चिपकाकर उसे ट्रक की पिछली सीट पर पटक दिया।

होटल पर हुई सूझबूझ ने बचाई जान

बदमाश जैद की जेब में रखे 20 हजार रुपये लूटने के बाद ट्रक को नूंह रोड की तरफ ले गए। रास्ते में उंटावड़ से आगे भूख लगने पर बदमाशों ने एक होटल पर ट्रक रोका। यही वह मौका था जब जैद ने अपनी हिम्मत जुटाई और बाहर मौजूद लोगों को आंखों से इशारा किया। होटल के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने जब ट्रक के भीतर बंधे हुए और घायल ड्राइवर को देखा, तो वे तुरंत उसे छुड़ाने के लिए दौड़े। भीड़ को अपनी तरफ आता देख तीनों बदमाश घबरा गए और जैद को वहीं छोड़कर ट्रक लेकर रफूचक्कर हो गए।

पुलिस रिमांड में खुलेंगे कई और राज

होडल थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से इस केस की गुत्थी सुलझाई। पुलिस ने साद और इरसाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इनका तीसरा साथी अब भी फरार है। थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से लूटा गया ट्रक और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य साक्ष्य बरामद किए जाएंगे। पुलिस को उम्मीद है कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ में इलाके में हुई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!