कालका में बिना नंबर की बाइक पर घूम रहे लुटेरे, चेन छीनने की कोशिश करते हुए कैमरे में कैद
May 06, 2026 3:42 PM
पंचकूला। पंचकूला के कालका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की गलियां बुधवार को उस वक्त चीख-पुकार से गूंज उठीं, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक राहगीर महिला के गले से सोने की चेन उड़ाने की कोशिश की। हालांकि, बदमाशों को अंदाजा नहीं था कि उनका सामना ऐसी जांबाज महिलाओं से होने वाला है जो घबराने के बजाय डटकर मुकाबला करेंगी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसे देखकर इलाके के लोग सहमे हुए हैं।
अस्पताल का बहाना और फिर अचानक झपट्टा
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो युवक बाइक पर सवार होकर आते हैं और सड़क पर पैदल चल रही दो महिलाओं के पास रुकते हैं। लुटेरों ने बेहद शातिराना अंदाज में पहले महिलाओं को बातों में उलझाया और किसी अस्पताल का पता पूछने लगे। जैसे ही महिलाएं रास्ता बताने लगीं, पीछे बैठे युवक ने फुर्ती दिखाते हुए महिला के गले से चेन खींचने के लिए हाथ बढ़ाया। लेकिन महिला ने तुरंत अपनी गर्दन पीछे हटा ली और शोर मचाना शुरू कर दिया।
दूसरी महिला ने डंडे से 'धोया', उल्टे पांव भागे बदमाश
स्नेचर की इस हिमाकत पर साथ चल रही दूसरी महिला ने गजब का साहस दिखाया। उसने बिना वक्त गंवाए हाथ में मौजूद डंडे से बाइक सवारों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने सोचा था कि महिलाएं डर जाएंगी, लेकिन अचानक हुए इस काउंटर अटैक से उनके हाथ-पांव फूल गए। पकड़े जाने के डर से स्नेचर बिना चेन लिए ही मौके से रफूचक्कर हो गए। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि महिलाओं की इस दिलेरी ने न केवल गहने बचाए, बल्कि बदमाशों को भी कड़ा सबक दिया।
बिना नंबर की बाइक और हेलमेट ने उलझाई पुलिस की गुत्थी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के लिए सबसे बड़ी सिरदर्दी यह है कि दोनों ही बदमाशों ने हेलमेट पहन रखे थे, जिससे उनके चेहरे नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, सीसीटीवी की बारीकी से जांच करने पर पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक पर नंबर प्लेट ही नहीं थी। इससे साफ जाहिर होता है कि बदमाश पूरी तैयारी और रेकी के साथ आए थे। फिलहाल कालका पुलिस आसपास के रास्तों के कैमरे खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।