पंचकूला ऑनर किलिंग: लव मैरिज के 3 महीने बाद भाई ने उजाड़ दिया बहन का सुहाग, जीजा की हत्या
Mar 30, 2026 5:41 PM
पंचकूला। पंचकूला और जीरकपुर की सीमा पर स्थित बलटाना में रहने वाले शिवम ने कभी नहीं सोचा था कि जिस प्रेम को उसने जीवनभर निभाने की कसमें खाई थीं, वही उसकी मौत का सबब बन जाएगा। शिवम ने पंचकूला के अभयपुर स्थित सरकारी स्कूल से आठवीं तक की पढ़ाई की थी। इसी स्कूल में उसकी मुलाकात उस युवती से हुई थी, जो बाद में उसकी जीवनसंगिनी बनी। सालों पुराना यह प्रेम प्रसंग तीन महीने पहले एक मंदिर में विवाह के साथ मुकम्मल हुआ, लेकिन लड़की के परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।
फ्लाईओवर के नीचे बिछाया मौत का जाल
मृतक शिवम पंचकूला के बरवाला में बर्तनों की पॉलिश और पैकिंग का काम कर अपनी गुजर-बसर कर रहा था। शनिवार की शाम जब वह सेक्टर-19 के फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहा था, तभी घात लगाकर बैठे उसके साले और उसके दोस्तों ने उसे घेर लिया। शिवम के भाई दीपक ने रोते हुए बताया कि साले ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर शिवम पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया। हमला इतना घातक था कि शिवम को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
'सिंदूर' मिटाने की जिद: भाई बना बहन की खुशियों का दुश्मन
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि लड़की का भाई इस शादी को लेकर लगातार धमकियां दे रहा था। वह इसे परिवार की शान के खिलाफ मान रहा था। इसी 'झूठी शान' की खातिर उसने अपनी ही बहन की मांग का सिंदूर पोंछ दिया और एक हंसते-खेलते घर को उजाड़ दिया।
पुलिस का पक्ष: "जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी"
सेक्टर-20 थाना प्रभारी सोमबीर ढाका ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन टीम गठित की है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट है कि हत्या के पीछे प्रेम विवाह का विरोध ही मुख्य कारण है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।