Panchkula News: पंचकूला में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पैदल चल रहे युवक की बाइक की टक्कर से मौत, बाइक सवार भी गंभीर

Feb 22, 2026 08:50 AM

पंचकूला: पंचकूला-शिमला नेशनल हाईवे पर रामपुर सियूडी गांव के सामने शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पैदल जा रहे एक युवक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत पंचकूला सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।


टक्कर इतनी तेज कि संभलने का मौका नहीं मिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब युवक हाईवे किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पैदल जा रहा युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।


घायल बाइक सवार की पहचान बल्लीराम के रूप में

हादसे में घायल बाइक सवार की पहचान पिंजौर की विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी बल्लीराम के रूप में हुई है। वह पंचकूला क्षेत्र में एक बेकरी शॉप पर काम करता है। बल्लीराम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है, हालांकि उसका परिवार लंबे समय से पंचकूला में रह रहा है। घटना के समय वह बाइक से अपने कार्यस्थल की ओर जा रहा था।


पुलिस कर रही मृतक की शिनाख्त का प्रयास

पिंजौर थाना के अमरावती चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह ने बताया कि हादसा सूरजपुर क्षेत्र के गांव रामपुर सियूडी के सामने हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों और लोगों से संपर्क किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!