Search

Panchkula News: हरिपुर में SUV से आए चार बदमाशों ने मचाया तांडव, NRI पर किया खूनी हमला

Jun 14, 2026 11:13 AM

पंचकूला। हरियाणा के वीआईपी शहर पंचकूला के सेक्टर-4 स्थित हरिपुर इलाके में शनिवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सरेराह एक एनआरआई पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों की दुस्साहस का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने बीच बाजार लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से पीड़ित को लहूलुहान कर दिया। घायल की पहचान बलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो दिसंबर 2025 में ही कनाडा से पंचकूला लौटे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अपनी गाड़ी में सवार होकर मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए।

बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर बैठे थे बलविंदर, तभी घेरकर पीटा

पीड़ित बलविंदर सिंह के मुताबिक, शनिवार शाम करीब चार बजे वह अपने घर के पास ही स्थित एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान वहां एक सफेद रंग की एसयूवी आकर रुकी, जिसमें से चार युवक नीचे उतरे। इन युवकों ने बिना कुछ कहे-सुने सीधे बलविंदर पर हथियारों से हमला बोल दिया। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया है कि बदमाशों ने उन पर सीधे गोली चलाई, जो उनके दाहिने हाथ को छूती हुई निकल गई। इस हमले में बलविंदर के सिर, दोनों बाजुओं और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे हथियारबंद बदमाश, पुलिस खंगाल रही सुराग

इस खूनी खेल का एक 57 सेकंड का वीडियो घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक सफेद रंग की महिंद्रा एसयूवी से चार युवक उतरते हैं, जिनमें से एक के हाथ में पिस्टल जैसा हथियार नजर आ रहा है, जबकि बाकी के तीन हमलावर डंडे और रॉड से लैस हैं। सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में बलविंदर को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ही पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए हैं, जहां उन्होंने साफ कहा कि इस हमले के पीछे उनका पारिवारिक संपत्ति विवाद है और उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं।

फायरिंग के दावे पर पुलिस को शक, मेडिकल रिपोर्ट खोल रही राज

वारदात के बाद पुलिस की फोरेंसिक और स्थानीय टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। हालांकि, पुलिस शुरुआती जांच में पीड़ित के गोली चलने के दावे को पूरी तरह सही नहीं मान रही है। सेक्टर-5 थाना प्रभारी रूपेश चौधरी ने बताया कि घायल की जो मेडिकल रिपोर्ट सामने आई है, उसमें हाथ पर लगी चोट किसी गोली की नहीं बल्कि धारदार हथियार की लग रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!