Search

हरियाणा के मंत्री कृष्ण लाल पंवार का एक्सीडेंट: पानीपत में काफिले से टकराईं कई गाड़ियां, हालत स्थिर

May 08, 2026 4:29 PM

पानीपत। हरियाणा की नायब सैनी सरकार में कद्दावर मंत्री कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। पानीपत के जीटी रोड पर एल्डिको के पास हुए इस एक्सीडेंट में मंत्री की इनोवा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गनीमत यह रही कि समय रहते सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल पंवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

काफिले में अचानक घुसीं 3-4 गाड़ियां, मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, मंत्री पंवार का काफिला नेशनल हाईवे से पानीपत शहर की ओर बढ़ रहा था। तभी अचानक सड़क पर चल रही 3-4 गाड़ियां अनियंत्रित होकर उनके काफिले के बीच में आ घुसीं। चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री की सरकारी इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए मंत्री को गाड़ी से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

प्रशासनिक अमले में हड़कंप, अस्पताल पहुंचे दिग्गज

जैसे ही प्रदेश के कैबिनेट मंत्री के एक्सीडेंट की खबर फैली, प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पानीपत के शहरी विधायक प्रमोद विज, डीसी वीरेंद्र दहिया और एसपी भूपेंद्र सिंह आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भी अस्पताल के बाहर जमावड़ा लग गया। डॉक्टरों की टीम लगातार मंत्री के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है और शुरुआती जांच में उन्हें अंदरूनी चोटें लगने की बात सामने आई है।

ऑपरेशन के बाद बदली थी गाड़ी, अब हादसे ने बढ़ाई मुश्किल

कृष्ण लाल पंवार के लिए यह वक्त स्वास्थ्य के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। बीते 14 दिसंबर 2025 को ही मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उनके बाएं घुटने का ऑपरेशन हुआ था। चलने-फिरने में हो रही तकलीफ की वजह से उन्होंने अपनी सरकारी फॉर्च्युनर गाड़ी छोड़कर इनोवा में सफर करना शुरू किया था, क्योंकि इनोवा में चढ़ना-उतरना उनके लिए ज्यादा आरामदायक था। इसी आरामदायक सफर के दौरान शुक्रवार को यह अनहोनी हो गई।

पंवार के पास वर्तमान में पंचायत एवं विकास विभाग के साथ-साथ खान एवं भूविज्ञान जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी है। प्रदेश में दूसरी बार मंत्री बने पंवार की सुरक्षा और इस चूक को लेकर अब पुलिस गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आखिर एक साथ इतनी गाड़ियां काफिले में कैसे घुस गईं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!