Search

पानीपत पुलिस की बड़ी उपलब्धि: साइबर सेल ने बरामद किए खोए हुए 41 मोबाइल, मालिकों के चेहरे खिले

May 06, 2026 12:54 PM

पानीपत। अक्सर मोबाइल खो जाने के बाद लोग उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ देते हैं, लेकिन पानीपत की साइबर सेल टीम ने इस धारणा को गलत साबित कर दिखाया है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (IPS) के कुशल मार्गदर्शन में साइबर सेल ने एक विशेष सर्च अभियान चलाकर जिले के विभिन्न हिस्सों से गुम हुए 41 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित कर इन फोन्स को उनके असली मालिकों के हवाले किया गया। अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर लोग हैरान भी थे और खुश भी।

85 हजार तक के महंगे फोन शामिल, तकनीक से कसा शिकंजा

डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि बरामद किए गए इन 41 मोबाइल फोन्स की कुल बाजार कीमत 10 लाख रुपये से ज्यादा है। इनमें साधारण फोन से लेकर 85 हजार रुपये तक के हाई-एंड स्मार्टफोन शामिल हैं।

ये वे फोन थे जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लोगों ने 'हर समय पोर्टल' और साइबर सेल में दर्ज कराई थी। साइबर सेल प्रभारी सब-इंस्पेक्टर हिमांशु की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और आईएमईआई (IMEI) नंबरों को लगातार ट्रैक किया, जिसके बाद इन फोन्स को ट्रेस करने में कामयाबी मिली।

"पुलिस आपकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए तत्पर"

हैंडओवर कार्यक्रम के दौरान एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मोबाइल फोन आज के दौर में केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि व्यक्ति की निजी जानकारी और मेहनत की कमाई का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानीपत पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने, बल्कि आम जनता की संपत्ति की रक्षा के लिए भी सदैव तत्पर है।

खोए हुए फोन को दोबारा पाकर वारिसानों ने पुलिस की कार्यशैली की जमकर तारीफ की। साइबर सेल की इस उपलब्धि ने पुलिस और पब्लिक के बीच विश्वास के रिश्ते को और मजबूत किया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!