Search

पानीपत की गुप्ता इंटरनेशनल फैक्ट्री में भीषण आग: मशीनरी और कच्चा माल जलकर राख

Mar 26, 2026 10:09 AM

पानीपत। हरियाणा के औद्योगिक शहर पानीपत में आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है। बापौली क्षेत्र में स्थित 'गुप्ता इंटरनेशनल' नामक फैक्ट्री में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठते काले धुएं के गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

9 गाड़ियों के 90 फेरे, तब जाकर थमीं लपटें

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फायर स्टेशन से एक के बाद एक 9 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

फैक्ट्री में मौजूद वेस्ट मैटीरियल (कपड़ा और प्लास्टिक कचरा) ने ईंधन का काम किया, जिससे आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग के मुताबिक, प्रत्येक गाड़ी को पानी भरने के लिए कम से कम 10 बार चक्कर लगाने पड़े। लगभग 90 राउंड की इस कड़ी जद्दोजहद के बाद ही लपटों पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

मशीनरी खाक, लाखों का फटका

फैक्ट्री संचालक के अनुसार, इस अग्निकांड में न केवल वेस्ट मैटीरियल बल्कि वहां लगी महंगी मशीनें भी जलकर कबाड़ हो गई हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर नुकसान का सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है, लेकिन अनुमान है कि यह नुकसान लाखों में है।

राहत की बात यह रही कि जिस समय आग भड़की, उस समय वहां मौजूद श्रमिक सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। प्रशासन अब आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!