भक्ति की आड़ में '93 हजार' का चूना: पानीपत में ठगों ने मंदिर के पुजारी को बनाया मोहरा
May 04, 2026 4:15 PM
पानीपत (जग मार्ग)। हरियाणा के पानीपत से ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान है। ठगों ने इस बार किसी आम आदमी को नहीं, बल्कि भगवान की शरण में रहने वाले एक पुजारी दंपती को अपनी साजिश का हिस्सा बनाया। कृष्णपुरा इलाके में 'सरकारी नौकरी' का झांसा देकर ठगों ने न केवल मंदिर के पंडित को झांसे में लिया, बल्कि उनके नाम का इस्तेमाल कर एक नामी ज्वेलरी शॉप से करीब 93 हजार रुपये के गहने लेकर रफूचक्कर हो गए।
'नौकरी की मन्नत' और दान का ढोंग
घटना की शुरुआत हनुमान मंदिर के पंडित बालकिशन शर्मा और उनकी पत्नी ओमवती के पास दो अज्ञात युवकों के पहुँचने से हुई। ठगों ने बेहद शातिराना अंदाज में अपनी 'भक्ति' का प्रदर्शन करते हुए पंडित जी को बताया कि उनकी सरकारी नौकरी लग गई है और उन्होंने मन्नत मांगी थी कि वे मंदिर में सोने के गहने दान करेंगे। पुजारी दंपती इन ठगों की चिकनी-चुपड़ी बातों में आ गए और उनके साथ पास ही स्थित 'विजय ज्वेलर्स' की दुकान पर पहुँच गए।
पंडित की पत्नी को साथ ले गए दुकान
ज्वेलर विजय वर्मा ने बताया कि पंडित की पत्नी ओमवती स्वयं उन युवकों के साथ दुकान पर आई थीं। ओमवती ने दुकानदार से कहा कि ये लोग मंदिर में दान के लिए गहने खरीदना चाहते हैं। पंडित परिवार से पुराने संबंधों और भरोसे के चलते दुकानदार ने उन्हें 3.5 ग्राम सोने का एक लॉकेट और 155 ग्राम की दो जोड़ी चांदी की पायल दिखाई। 93 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
"अभी पंडित जी को दिखाकर पैसे लाते हैं..."
असली खेल तब शुरू हुआ जब सौदा फाइनल हो गया। ठगों ने बड़ी चतुराई से दुकानदार को विश्वास दिलाया कि वे एक बार मंदिर में बैठे पंडित बालकिशन को गहने दिखाकर तसल्ली कर लें, फिर तुरंत आकर नकद भुगतान कर देंगे। ज्वेलर विजय वर्मा ने बताया, "चूंकि पंडित जी की पत्नी साथ थीं, इसलिए मुझे रत्ती भर भी संदेह नहीं हुआ। मैंने गहने दे दिए।" ठग गहने लेकर बाहर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार हुए और फिर वापस नहीं लौटे।
जब ओमवती अकेले वापस आईं, तब खुला राज
काफी देर इंतजार करने के बाद जब ओमवती अकेली दुकान पर आईं और दुकानदार से पूछा कि "लड़के पैसे देकर गए या नहीं?", तब विजय वर्मा के पैरों तले जमीन खिसक गई। ठगों ने पंडित दंपती को भी यह कहकर झांसा दिया था कि वे दुकानदार को पैसे देने जा रहे हैं। फिलहाल इस घटना के बाद से पुजारी और उनकी पत्नी गहरे सदमे में हैं।
सीसीटीवी में कैद हुए ठग
पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उन बाइक सवार ठगों की तलाश कर रही है। दुकानदार ने बताया कि उन्होंने भरोसे में आकर गहने सौंप दिए थे, जिसका फायदा ठगों ने उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों की 'मन्नत' या 'दान' जैसी बातों में आकर अपनी साख दांव पर न लगाएं।