Search

पानीपत में मेडिकल स्टोर संचालक को पीटा, पत्नी से बदसलूकी कर हथियार लहराते फरार हुए आरोपी

May 02, 2026 11:04 AM

पानीपत। पानीपत के राजनगर इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ दबंगों ने एक मेडिकल स्टोर संचालक को निशाना बनाया। वारदात सुबह करीब 8 बजे की है, जब दुकान पर काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक मरीज दवा लेने के लिए दुकान पर आया था और उसने अपनी बाइक बाहर गली में खड़ी कर दी थी। इसी बात को लेकर पड़ोस के ही कुछ युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। जब दुकानदार ने बीच-बचाव कर उन्हें शांत करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया।

पत्नी के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप

पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि माफिश, सलमान, शाहरुख और शवीर नामक युवक मामूली बात पर गाली-गलौज करने लगे। जब विरोध किया गया तो उन्होंने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि हमलावरों ने दुकानदार को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पति को बचाने के लिए जब पत्नी दुकान से बाहर आई, तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। महिला का आरोप है कि उसके साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि छेड़छाड़ और बदसलूकी भी हुई। शोर सुनकर जब मोहल्ले के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी वहां से भाग निकले।

हथियार लहराते हुए दी जान से मारने की धमकी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी काफी आक्रामक थे और उनके पास हथौड़ा व डंडे जैसे हथियार थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सरेआम हथियार लहराते हुए फरार हुए और जाते-जाते पीड़ित परिवार को पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दे गए। इस घटना के बाद से पूरे राजनगर इलाके में दहशत का माहौल है। घायल पति-पत्नी को तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।

पुलिस का पक्ष: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि राजनगर क्षेत्र से मिली शिकायत पर मॉडल टाउन थाना प्रभारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक जांच में यह मामला बाइक खड़ी करने को लेकर हुई कहासुनी से शुरू होकर हिंसक झड़प तक पहुंचने का लग रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!