Search

पानीपत में नाबालिग के पेट दर्द ने खोला खौफनाक राज: जांच में निकली 3 माह की गर्भवती

May 04, 2026 10:40 AM

पानीपत। रोजगार और बेहतर जिंदगी की तलाश में बिहार से पानीपत आई एक मां-बेटी के पैरों तले उस वक्त जमीन खिसक गई, जब एक सामान्य से दिखने वाले पेट दर्द ने अपराध की गहरी दास्तां बयां कर दी। 15 साल की एक नाबालिग किशोरी जब असहनीय दर्द की शिकायत लेकर अपनी मां के साथ पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टरों को कुछ संदेह हुआ। मेडिकल टेस्ट और स्कैनिंग के बाद जब डॉक्टरों ने बताया कि लड़की तीन महीने की गर्भवती है, तो अस्पताल परिसर में सन्नाटा पसर गया।

पड़ोसी युवक की दरिंदगी का शिकार हुई किशोरी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत सामाजिक संस्था 'नारी तू नारायणी उत्थान समिति' को सूचित किया। समिति की अध्यक्ष सविता आर्य जब अस्पताल पहुंचीं, तो पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई। किशोरी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले जब वह बिहार में थी, तब उनके पड़ोस में रहने वाले रामू झा नाम के युवक ने उसके साथ कई बार जबरन दुष्कर्म किया था। डरी-सहमी किशोरी ने लोक-लाज और डर के मारे यह बात किसी को नहीं बताई थी, लेकिन पानीपत पहुंचने पर शारीरिक बदलावों और दर्द ने इस खौफनाक राज को उजागर कर दिया।

जीरो एफआईआर के जरिए बिहार पुलिस को सौंपी कमान

पानीपत की थाना शहर पुलिस ने मामले में सक्रियता दिखाते हुए पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। चूंकि वारदात बिहार के औरंगाबाद जिले की है, इसलिए तकनीकी पेचीदगियों को दरकिनार करते हुए पानीपत पुलिस ने 'जीरो एफआईआर' दर्ज की है। पुलिस ने मामले से संबंधित तमाम दस्तावेज और शिकायत औरंगाबाद के संबंधित थाने को भेज दी है। उधर, सविता आर्य ने व्यक्तिगत रूप से औरंगाबाद के एसपी से फोन पर बात की है और मेल के जरिए एफआईआर की कॉपी भेजकर आरोपी रामू झा की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!