पानीपत शर्मसार: नाबालिग को सेंटर पर ले जाकर युवक ने किया रेप, सुबह घर छोड़कर भागा
May 07, 2026 10:53 AM
पानीपत। टेक्सटाइल सिटी पानीपत से एक बेहद विचलित करने वाली खबर सामने आई है, जहां एक 15 साल की मासूम को हवस का शिकार बनाया गया। थाना किला क्षेत्र के तहत आने वाली सैनी कॉलोनी में आरोपी किशोरी को आधी रात के वक्त बहला-फुसलाकर एक सेंटर पर ले गया था। घटना उस वक्त की है जब पूरा शहर सो रहा था, लेकिन एक मजबूर पिता अपनी लापता बेटी की तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रहा था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रात भर दहशत में रहा परिवार, सुबह लौटी बेटी ने सुनाई आपबीती
किशोरी के पिता, जो पेशे से मजदूरी करते हैं, ने पुलिस को बताया कि 5 मई की रात करीब डेढ़ बजे अचानक उनकी बड़ी बेटी घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने बदहवास होकर पूरी रात उसे आसपास की गलियों और रिश्तेदारों के यहां ढूंढा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह करीब 4:30 बजे परिजनों ने देखा कि एक युवक उनकी बेटी को घर के पास छोड़कर तेजी से वहां से भाग निकला। जब डरी-सहमी बेटी से घरवालों ने पूछताछ की, तो उसने जो बताया उसे सुनकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
सैनी कॉलोनी के एक सेंटर पर ले जाकर किया रेप
पीड़िता ने रोते हुए परिजनों को बताया कि परवेज नाम का युवक उसे फुसलाकर सैनी कॉलोनी स्थित एक सेंटर पर ले गया था। वहां आरोपी ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी उसे धमकी देते हुए घर के पास छोड़ गया। पीड़ित पिता ने बिना देरी किए थाना किला पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत मेडिकल जांच और बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।
आरोपी के खिलाफ 'पॉक्सो' समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज
मामले की गंभीरता और पीड़िता के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने इस केस में कोई ढिलाई नहीं बरती है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी परवेज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धारा 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।