चोरों ने मंदिर का दानपात्र तोड़ा, नगदी और पीतल की मूर्तियां ले उड़े
May 08, 2026 1:00 PM
पानीपत। हरियाणा के 'बुनकर शहर' पानीपत में असामाजिक तत्वों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे भगवान के घर को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला थाना किला क्षेत्र के मनमोहन नगर का है, जहां स्थित एक शिव मंदिर में चोरों ने न केवल लूटपाट की, बल्कि धार्मिक भावनाओं को आहत करते हुए हनुमान जी की मूर्ति को भी खंडित कर दिया। सुबह जब मंदिर के कपाट खुले, तो बिखरा हुआ सामान और खंडित प्रतिमा देख श्रद्धालुओं का सबर जवाब दे गया। घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
पुजारी ने सुबह देखा तबाही का मंजर
सेक्टर-24 उग्राखेड़ी रोड निवासी पुजारी ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वे हर रोज की तरह 6 मई की शाम को मंदिर की आरती और पूजा-पाठ संपन्न कर ताला लगाकर घर गए थे। अगले दिन सुबह जब वे मंदिर पहुंचे, तो मुख्य द्वार का नजारा बदला हुआ था। अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने देखा कि चोरों ने मंदिर के दानपात्र (गल्ला) को बेरहमी से तोड़ दिया था। पुजारी के अनुमान के मुताबिक, गल्ले में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए गए करीब 12 हजार रुपये की नकदी थी, जिसे चोरों ने साफ कर दिया।
पीतल के सामान पर हाथ साफ, आस्था पर प्रहार
चोरों की नजर केवल नकदी पर ही नहीं थी, वे मंदिर से कीमती धातु का सामान भी बटोर ले गए। पुजारी के अनुसार, करीब 5 किलो वजनी पीतल के कान्हा जी, तांबे के नाग देवता, पंचमुखी आरती का स्टैंड, मंदिर की घंटी और पीतल का शिवलिंग स्टैंड भी गायब मिला। लेकिन सबसे ज्यादा दुखद पहलू यह रहा कि चोरों ने मंदिर में स्थापित सिंदूर वाले हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंदिर परिसर में हुई इस तोड़फोड़ की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज पर नजर
घटना की सूचना मिलते ही थाना किला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यह महज चोरी का मामला नहीं है, बल्कि भाईचारे और शांति को भंग करने की कोशिश है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। फिलहाल, पुजारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी गई है।