Search

Punjab News: पठानकोट में पेशी से लौट रहा आरोपी कस्टडी से फरार, भिडंत के बाद फिर किया गया काबू

Apr 03, 2026 5:26 PM

पठानकोट: पंजाब के पठानकोट में एक स्नैचिंग आरोपी पुलिस कस्टडी से पेशी के बाद लौटते समय फरार हो गया। आरोपी को बुधवार को जिला अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। मेडिकल जांच के बाद जब पुलिस टीम उसे थाना तारागढ़ वापस ला रही थी, तभी रास्ते में एक रेलवे फाटक पर रुकने के दौरान आरोपी ने मौका पाकर भागने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे ट्रेस कर लिया और दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

पेशी के बाद लौटते समय हुआ फरार

आरोपी को एक एएसआई और पंजाब होमगार्ड के जवान बाइक पर जिला अदालत लेकर गए थे। अदालत में पेशी के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इसके बाद पुलिस उसे सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां उसका मेडिकल कराया गया। मेडिकल प्रक्रिया में देरी होने के कारण रात हो गई और पुलिस टीम आरोपी को लेकर थाना लौट रही थी।

रास्ते में परमानंद रेलवे फाटक के पास करीब 7:10 बजे फाटक बंद मिला, जिस कारण बाइक रोकनी पड़ी। इसी दौरान आरोपी ने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और अचानक बाइक से कूदकर पुलिसकर्मियों को धक्का दे दिया, जिससे वे सड़क पर गिर गए और आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने रात में ही किया ट्रेस

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों से भी मदद मांगी गई और कुछ लोगों ने आरोपी का पीछा भी किया। बावजूद इसके आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने करीब 40 से 50 मिनट तक आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उस समय आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि पुलिस ने रात में ही तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर लिया और उसकी लोकेशन का पता लगा लिया। इसके बाद टीम तुरंत उसे पकड़ने के लिए उसके गांव रवाना हो गई।

गांव में पुलिस का विरोध, फिर भी गिरफ्तारी

पुलिस टीम जब आरोपी को पकड़ने के लिए गांव ढोलोवाल पहुंची, तो वहां कुछ युवक पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। बताया गया कि कुछ लोग नशे की हालत में पुलिस टीम से उलझ पड़े और आरोपी को बचाने की कोशिश की।

इसके बावजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और आरोपी को काबू कर लिया। साथ ही ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने फरार होने के मामले में आरोपी पर अतिरिक्त धाराएं भी लगा दी हैं।

स्नैचिंग की वारदात से जुड़ा मामला

आरोपी सूरज शाह को दो दिन पहले एक महिला से पर्स छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह घटना तारागढ़ क्षेत्र के भटोआ मोड़ पर हुई थी, जहां गांव शादीपुर की रहने वाली नीलम देवी अपने पोते के लिए गिफ्ट खरीदने निकली थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनका पर्स छीन लिया था।

पर्स में मोबाइल फोन और नकदी मौजूद थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गांव ढोलोवाल से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था और उसी केस में उसे अदालत में पेश किया गया था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!