Punjab News: पठानकोट जिले में रेड के दौरान पुलिस टीम पर हमला, सरपंच समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, 2 आरोपी गिरफ्तार
Apr 04, 2026 1:31 PM
पठानकोट: पंजाब के पठानकोट जिले के ढोलोवाल गांव में शुक्रवार रात करीब 12 बजे पुलिस टीम पर हमला होने से हालात तनावपूर्ण हो गए। पुलिस आरोपी सूरज शाह को पकड़ने के लिए उसके घर रेड करने पहुंची थी, तभी परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने टीम को घेर लिया। हमलावरों ने पुलिस अधिकारियों की वर्दियां फाड़ दीं और हाथापाई की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाते हुए वाहन को मौके से बाहर निकाला। इस मामले में पुलिस ने गांव के सरपंच सहित 8 लोगों पर केस दर्ज किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पर्स छीनकर फरार हुआ था आरोपी
मामले की शुरुआत तारागढ़ कस्बे के शादीपुर गांव की रहने वाली नीलम देवी से हुई लूट की घटना से हुई। आरोप है कि ढोलोवाल निवासी सूरज शाह ने सरेराह उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अगले दिन उसे पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, जहां से उसने पुलिस को चकमा देकर भागने में सफलता हासिल कर ली।
पुलिस हिरासत से भागा आरोपी
बताया गया कि एएसआई और पंजाब होमगार्ड के जवान आरोपी को बाइक पर लेकर जा रहे थे। शाम करीब 7:10 बजे परमानंद फाटक के पास आरोपी ने हथकड़ी छुड़ा ली और दोनों पुलिसकर्मियों को धक्का देकर बाइक समेत गिरा दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी और उसके गांव में छिपे होने की सूचना मिली।
गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची टीम
सूचना के आधार पर पुलिस की चार सदस्यीय टीम आरोपी को पकड़ने के लिए ढोलोवाल स्थित उसके घर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार के अनुसार, जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची, आरोपी के परिजनों और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
सरपंच पर भी लगे गंभीर आरोप
जांच रिपोर्ट के अनुसार, हमले में 7-8 लोग शामिल थे जिनमें महिलाएं भी थीं। गांव के सरपंच निर्मल सिंह उर्फ बैनी भी मौके पर मौजूद था। आरोप है कि उसने एएसआई राजेश कुमार की वर्दी फाड़ दी। वहीं हीरा उर्फ बग्गी नामक आरोपी ने कांस्टेबल निशान सिंह के कपड़े फाड़ दिए। अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी गाली-गलौज और हाथापाई की गई।
पुलिस गाड़ी को घेरकर किया विरोध
एफआईआर के मुताबिक जब पुलिस ने किसी तरह मुख्य आरोपी को पकड़ लिया और उसे गाड़ी में बैठाया, तब परिजनों ने वाहन को चारों ओर से घेर लिया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिसकर्मियों को वहां से निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि, सूझबूझ से उन्होंने गाड़ी को तेजी से निकालकर अपनी जान बचाई और थाने पहुंचने में सफल रहे।
आरोपियों की गिरफ्तारी जारी
पुलिस ने इस मामले में सूरज शाह और उसके मामा बलविंदर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
तारागढ़ पुलिस ने सरपंच निर्मल सिंह उर्फ बैनी समेत कुल 5 नामजद लोगों और 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में सूरज शाह के मामा कुलबीर, बलबीर कुमार, गुरनाम और हीरा शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक जुड़ाव की भी चर्चा
जानकारी के अनुसार, सरपंच निर्मल सिंह उर्फ बैनी आम आदमी पार्टी का समर्थक बताया जा रहा है। पुलिस एफआईआर में उस पर पुलिस अधिकारियों को धमकाने और गालियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं। यह पूरा मामला पठानकोट जिले के भोआ विधानसभा क्षेत्र का है, जो राज्य सरकार के एक कैबिनेट मंत्री के अधिकार क्षेत्र में आता है।