डेराबस्सी में रामलीला मैदान के पास चाकूबाजी, सीसीटीवी में कैद हुई डेढ़ मिनट की खूनी झड़प
Feb 19, 2026 11:20 AM
डेराबस्सी: डेराबस्सी के रामलीला मैदान की भीड़भाड़ के बीच जैन स्कूल के गेट के सामने युवकों के बीच हुई खूनी झड़प से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मारपीट और चाकूबाजी की यह पूरी घटना करीब डेढ़ मिनट की सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। घटना में दो युवक घायल हुए हैं, जिनमें से एक को सिविल अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरा घायल युवक मौके से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि युवकों के बीच लात-घूंसे, चाकू, ईंट-पत्थरों का जमकर इस्तेमाल किया गया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन युवकों के उग्र तेवरों के चलते उन्हें पीछे हटना पड़ा।
फुटेज में तीन युवक बाइक पर सवार दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक की दूसरे पक्ष से भिड़ंत हो जाती है, जबकि उसके दो साथी मौके से खिसक जाते हैं। दूसरी ओर कुछ युवक पैदल जाते हुए भी नजर आते हैं। घटनास्थल की गली में खून के धब्बे बिखरे हुए देखे गए, जिससे झड़प की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित मोर ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की खूनी वारदात कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आधा दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर फसाद फैलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी पड़ताल की जा रही है।